
भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। आज से प्रदेश के कई संभागों में गेहूं की सरकारी खरीदी शुरू हो गई है, जहां किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा।
किन जिलों में आज से खरीदी शुरू?
प्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभाग में गुरुवार से खरीदी शुरू कर दी गई है। जिन किसानों ने पहले से स्लॉट बुक कर 9 अप्रैल की तारीख चुनी है, केवल उन्हीं का गेहूं खरीदा जा रहा है। बाकी संभागों में यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी।
MSP और बोनस पर सरकार का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साफ कहा कि सरकार हर किसान का गेहूं खरीदेगी और भुगतान समय पर होगा। इस साल किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे, जिसमें 40 रुपये बोनस भी शामिल है। वहीं आने वाले वर्षों में MSP को बढ़ाकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
19 लाख से ज्यादा किसानों ने कराया पंजीयन
इस बार गेहूं खरीदी के लिए रिकॉर्ड स्तर पर किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
- कुल 19,04,644 किसानों ने पंजीयन किया
- प्रदेशभर में 3627 खरीदी केंद्र बनाए गए
पिछले साल की तुलना में यह संख्या काफी ज्यादा है, जिससे साफ है कि इस बार खरीदी का दायरा भी बड़ा होने वाला है।
केंद्रों पर सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश
सीएम ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
- बारिश से बचाव के इंतजाम
- गर्मी में छाया और पानी की सुविधा
- उपज की पूरी जिम्मेदारी केंद्र की
इसके साथ ही हर केंद्र पर हेल्प डेस्क और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं, ताकि शिकायतों का तुरंत समाधान हो सके।
किसानों के लिए जरूरी सलाह
सरकार ने किसानों को भी सावधान रहने को कहा है। खरीदी केंद्र पर जाने से पहले अपनी स्लॉट तारीख जरूर चेक करें, क्योंकि बिना तय तारीख के गेहूं की तुलाई नहीं होगी। साथ ही केंद्रों पर दी जा रही जानकारी और निर्देशों का पालन करना जरूरी है, ताकि प्रक्रिया सुचारू रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

