
भोपाल। मध्य प्रदेश में सार्वजनिक बस परिवहन को नए स्वरूप में शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। सरकार ने 40 प्रमुख इंटरसिटी बस रूट तय कर दिए हैं और इन मार्गों पर सरकारी बस सेवा शुरू करने से पहले आम लोगों से 30 दिन के भीतर सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना लागू की जाएगी। इसके 7 दिन बाद इन निर्धारित मार्गों पर बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी है। नई व्यवस्था में यात्रियों को डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
40 प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर चलेगी सेवा
परिवहन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, मध्य प्रदेश यात्री बस परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के माध्यम से नोटिफाई किए गए मार्गों पर बसों का संचालन होगा। इन रूटों के लिए राज्य परिवहन उपक्रम के नाम से परमिट जारी किए जाएंगे।
बस संचालन में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल अपनाया जाएगा। इसके तहत निजी बस संचालकों के साथ समझौते किए जाएंगे।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नई बस सेवा में यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई डिजिटल व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
बसों में इलेक्ट्रॉनिक टिकट जारी किए जाएंगे।
अधिक यात्री दबाव वाले मार्गों पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
सभी बसों में GPS आधारित ट्रैकिंग डिवाइस लगाए जाएंगे।
ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए हर 10 सेकेंड में बस की लोकेशन वेबसाइट पर अपडेट होगी, जिससे यात्री बस की स्थिति देख सकेंगे।
किन जिलों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और जिलों को जोड़ने वाले 40 इंटरसिटी रूट अधिसूचित किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं: इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर, छिंदवाड़ा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, रतलाम, धार, नीमच, मंदसौर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर, देवास, सीहोर और नरसिंहपुर सहित अन्य जिले।
मार्ग के अनुसार तय होगी बसों की क्षमता
योजना में अलग-अलग मार्गों के लिए अलग श्रेणी की बसें निर्धारित की गई हैं।
सामान्य मार्गों पर
23–34 सीट क्षमता वाली मिडी बसें
श्रेणियां: साधारण, सेमी डीलक्स और डीलक्स
इंटरसिटी मार्गों पर
35–70 सीट क्षमता वाली स्टैंडर्ड बसें
श्रेणियां: एसी डीलक्स, एसी लग्जरी और एसी सुपर लग्जरी
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

