
भोपाल। मध्यप्रदेश की प्रशासनिक सेवा में दिसंबर का पहला सप्ताह खास रहने वाला है। प्रदेश में पदस्थ चार IAS अधिकारियों के साथ दो IPS अधिकारियों के विवाह की तैयारियां चल रही हैं। इनमें इंदौर नगर निगम के दो अपर आयुक्त, धार की सहायक कलेक्टर और बालाघाट जिला पंचायत की CEO शामिल हैं। इन शादियों में एक और दिलचस्प पहलू है। IAS अर्थ जैन और आशी शर्मा विवाह के बंधन में बंधेंगे, जबकि IAS आशीष की शादी गुजरात कैडर की IPS कुहू गर्ग से तय है। बालाघाट में IAS तनुश्री मीणा और IPS अभिषेक सिर्रा भी जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
इंदौर नगर निगम के दो IAS अधिकारियों की शादी चर्चा में
दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाले इन विवाहों में इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त के रूप में पदस्थ IAS अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। IAS अर्थ जैन और IAS आशीष दोनों की शादी इसी दौरान होने जा रही है। अर्थ जैन और आशी शर्मा का विवाह प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अर्थ 2021 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में स्मार्ट सिटी CEO के साथ इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
IAS अर्थ जैन का प्रशासनिक परिवार से नाता
अर्थ जैन का परिवार पुलिस और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ा रहा है। उनके पिता मुकेश जैन रिटायर्ड IPS अधिकारी और पूर्व ट्रांसपोर्ट कमिश्नर हैं, जबकि उनके चाचा उपेंद्र जैन EOW के DG हैं। उपेंद्र जैन का नाम मध्यप्रदेश के नए DGP पद के दावेदारों में भी शामिल है। अर्थ के छोटे भाई अयान जैन उत्तर प्रदेश कैडर में IAS अधिकारी हैं। अर्थ ने IIT दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और UPSC परीक्षा में दूसरे प्रयास में 16वीं रैंक हासिल की थी। उनकी होने वाली पत्नी आशी शर्मा 2025 बैच की IAS अधिकारी हैं। वर्तमान में धार में सहायक कलेक्टर के पद पर पदस्थ आशी का जन्म उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुआ था। आशी ने नोएडा के APJ स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और इसके बाद School of Planning and Architecture से आर्किटेक्चर की डिग्री ली। उन्होंने UPSC परीक्षा में तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त की।
IAS आशीष और IPS कुहू गर्ग की शादी भी खास
इंदौर नगर निगम में अपर आयुक्त IAS आशीष भी दिसंबर के पहले सप्ताह में विवाह करने जा रहे हैं। 2022 बैच के आशीष मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उन्होंने IIT BHU से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनकी होने वाली पत्नी कुहू गर्ग गुजरात कैडर की 2024 बैच की IPS अधिकारी हैं। वह उत्तराखंड के पूर्व DGP अशोक कुमार की बेटी हैं। कुहू का करियर भी काफी अलग रहा है। IPS बनने से पहले वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन खेल चुकी हैं।
बैडमिंटन में 75 पदक जीत चुकी हैं कुहू
कुहू गर्ग ने महज 9 साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू कर दिया था। अपने खेल करियर में उन्होंने 56 राष्ट्रीय और 19 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते। चोट लगने के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और पुलिस सेवा में चयनित हुईं। हैदराबाद में आयोजित 78वीं RR पासिंग आउट परेड में उन्हें Sword of Honour और सर्वश्रेष्ठ आउटडोर प्रोबेशनर का सम्मान मिला। उनकी शुरुआती पढ़ाई देहरादून के सेंट थॉमस कॉलेज में हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।कुहू गर्ग के विवाह के बाद मध्यप्रदेश कैडर में स्थानांतरण होने की संभावना भी जताई जा रही है। इससे उनके प्रदेश में सेवाएं देने का रास्ता खुल सकता है।
बालाघाट में IAS तनुश्री मीणा और IPS अभिषेक सिर्रा की शादी
बालाघाट जिले में भी प्रशासनिक अधिकारियों के घर शादी की तैयारियां चल रही हैं। जिला पंचायत CEO IAS तनुश्री मीणा का विवाह बालाघाट में ही पदस्थ CSP अभिषेक सिर्रा से होने जा रहा है। तनुश्री 2022 बैच की IAS अधिकारी हैं और राजस्थान की रहने वाली हैं। इससे पहले वह छिंदवाड़ा में सहायक कलेक्टर और झाबुआ जिले के पेटलावद में SDM के पद पर काम कर चुकी हैं। उनके होने वाले जीवनसाथी अभिषेक सिर्रा 2024 बैच के IPS अधिकारी हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं और पहले केरल कैडर में पदस्थ थे। विवाह प्रस्ताव के आधार पर उनका कैडर मध्यप्रदेश किया गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

