
भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन दिन से जारी किसानों का आंदोलन सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद समाप्त हो गया। सरकार ने 60% तक मूंग खरीदी करने का फैसला किया है, जबकि खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
बैठक के बाद प्रशासन ने रोशनपुरा चौराहे से किसानों को बसों के माध्यम से उनके वाहनों तक पहुंचाया। देर रात आंदोलन समाप्त होने के बाद बाणगंगा मार्ग को छोड़कर अन्य सभी रास्तों पर यातायात बहाल कर दिया गया।
सरकार ने मूंग खरीदी पर क्या फैसला लिया
कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि सरकार 60% तक मूंग खरीदेगी। नर्मदापुरम, सीहोर और हरदा सहित जिलों में प्रति एकड़ करीब 3 क्विंटल मूंग खरीदी जाएगी। खरीदी प्रक्रिया के लिए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 10 अगस्त तय की गई है, जबकि 20 अगस्त तक मूंग खरीदी का काम पूरा किया जाएगा।
खाद वितरण के नियमों में बदलाव
मंत्रालय में सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चा के बाद खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था को फिलहाल रोकने का निर्णय लिया गया। एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि बातचीत के दौरान किसानों ने सहमति जताई, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दो पेज का पत्र भेजा। उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार ने पीएम-आशा योजना के तहत मूंग खरीदी की मंजूरी दे दी है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि 25% से अधिक मूंग खरीदी राज्य सरकार अपने संसाधनों और खर्च पर कर सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

