
भोपाल। प्रदेश के होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट पिछले 8 दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। सप्लाई पूरी तरह ठप होने से कारोबारियों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि ऑयल कंपनियों ने नई गाइडलाइन जारी कर 10% सप्लाई देने की बात कही है, लेकिन अभी तक इसके लागू होने के आदेश नहीं मिले हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि आदेश जारी होते ही राहत मिल सकती है।
50 हजार से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट प्रभावित
राज्यभर में करीब 50 हजार होटल और रेस्टोरेंट इस संकट से जूझ रहे हैं। गैस खत्म होने की कगार पर पहुंच चुकी है और कई जगहों पर वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। इंडक्शन चूल्हे और डीजल भट्ठियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन इससे लागत कई गुना बढ़ गई है। कई जगहों पर मेन्यू तक सीमित करना पड़ा है।
घरेलू सिलेंडर की मांग में जबरदस्त उछाल
कमर्शियल गैस की कमी का सीधा असर घरेलू सिलेंडर पर पड़ा है। प्रदेश में घरेलू गैस की मांग करीब 70% तक बढ़ गई है। भोपाल का उदाहरण देखें तो पहले रोजाना लगभग 8500 बुकिंग होती थी अब यह बढ़कर 14 हजार तक पहुंच गई है। इस अचानक बढ़ोतरी से सप्लाई और मांग के बीच बड़ा अंतर पैदा हो गया है, जिससे लोगों को 3 से 4 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
सप्लाई बढ़ाने की कोशिश, फिर भी दबाव कायम
प्रशासन ने हालात संभालने के लिए सप्लाई बढ़ाई है। भोपाल में अब रोजाना 12-13 हजार सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। अगले कुछ दिनों में बैकलॉग खत्म करने का दावा किया गया है। फिर भी बढ़ती मांग के कारण दबाव बना हुआ है।
नई गाइडलाइन आई, लेकिन आदेश बाकी
ऑयल कंपनियों ने 12 श्रेणियों को सीमित मात्रा में कमर्शियल गैस देने का प्रस्ताव रखा है, जिसमें होटल-रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। लेकिन जब तक आधिकारिक आदेश जारी नहीं होते, सप्लाई शुरू नहीं हो पाएगी।
महाराष्ट्र से तुलना, एमपी को उम्मीद
महाराष्ट्र में होटल कारोबारियों को लगभग 70% तक गैस सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में मध्य प्रदेश के व्यापारी भी इसी तरह की राहत की उम्मीद कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगर सप्लाई शुरू होती है, तो यह इंडस्ट्री के लिए “ऑक्सीजन” जैसी राहत होगी।
कर्मचारियों पर अभी असर नहीं
गैस संकट और ग्राहकों की कमी के बावजूद राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी होटल या रेस्टोरेंट ने कर्मचारियों को नहीं निकाला है। हालांकि, यदि स्थिति ज्यादा लंबी चली तो रोजगार पर असर पड़ सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

