शनिवार, 14 मार्च 2026
Logo
Madhaya Pradesh
एमपी में गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी? CM मोहन यादव बोले—घरेलू LPG की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर सख्ती
13 मार्च, 2026 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
एमपी में गैस सिलेंडर को लेकर अफरा-तफरी? CM मोहन यादव बोले—घरेलू LPG की कोई कमी नहीं, कालाबाजारी पर सख्ती
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

मध्यप्रदेश के कई शहरों में इन दिनों गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें दिखाई दे रही हैं। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में बेचैनी बढ़ी है। हालांकि राज्य सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।


सीएम मोहन यादव का आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में रसोई गैस की उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित है। लोगों को घबराने या ज्यादा सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, खासकर मिडिल ईस्ट और एशिया क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए भी सख्त इंतजाम किए गए हैं।


LPG उत्पादन में बढ़ोतरी

मुख्यमंत्री के अनुसार केंद्र सरकार के प्रयासों से देश में एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया है। रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके चलते एलपीजी उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। सरकार का कहना है कि इस फैसले से घरेलू गैस की सप्लाई पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा।


कच्चे तेल की सप्लाई के लिए नए विकल्प

सीएम मोहन यादव ने बताया कि पहले भारत को कच्चे तेल की बड़ी आपूर्ति स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते मिलती थी। अब वैकल्पिक मार्गों और स्रोतों से भी सप्लाई सुनिश्चित की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने भारत को विशेष अनुमति दी है, जिसके तहत भारतीय झंडे वाले जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने में रोका नहीं जाएगा। इससे पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई बाधित होने की आशंका काफी कम हो गई है।


प्रशासन को दिए गए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सभी जिलों के कलेक्टर, कमिश्नर और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि, गैस वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था मजबूत की जाए। रिफिल बुकिंग और ओटीपी सिस्टम में कोई दिक्कत न हो। अफवाहों और गलत सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जाए। मीडिया के माध्यम से लोगों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए


होटल और रेस्टोरेंट को वैकल्पिक व्यवस्था अपनाने की सलाह

कुछ जिलों में प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज गार्डन संचालकों से बातचीत कर गैस की जगह इलेक्ट्रिक भट्टी और इंडक्शन के उपयोग को बढ़ाने की पहल की है। मुख्य सचिव ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की उपलब्धता और बेहतर हो सकेगी।


PNG और CNG सप्लाई भी सामान्य

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल, सीएनजी और पीएनजी गैस सभी की पर्याप्त उपलब्धता है। घरेलू उपयोग के लिए गैस की सप्लाई लगातार जारी है और किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें