
भोपाल। अमेरिका-ईरान युद्ध का असर एलपीजी गैस बाजार पर भी देखने को मिला है। घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडर महंगे होने से खाने की लागत करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है। वहीं ऑयल कंपनियों ने नए गैस कनेक्शन जारी करना बंद कर दिए हैं, जिससे हजारों लोग परेशान हैं।
भोपाल में पिछले तीन महीने से नए कनेक्शन नहीं मिलने के कारण 8 हजार से अधिक आवेदन लंबित हो चुके हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत किराए पर रहने वाले छात्रों और नए उपभोक्ताओं को हो रही है।
नए कनेक्शन नहीं मिलने से छात्र परेशान
नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र राघव ने बताया कि पहले ब्लैक में एलपीजी सिलेंडर 1,000 से 1,200 रुपए में मिल जाता था, लेकिन अब इसके लिए 2,500 से 3,000 रुपए तक चुकाने पड़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नए कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बाद भी कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन हर बार यही जानकारी मिली कि ऑयल कंपनियों ने फिलहाल नए कनेक्शन जारी करना बंद कर रखा है।
युद्ध विराम के बाद राहत की उम्मीद
युद्ध विराम की घोषणा के बाद नए गैस कनेक्शन शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि इस संबंध में ऑयल कंपनियों से चर्चा हुई है। उनके अनुसार मामला उच्च स्तर पर विचाराधीन है और संभव है कि अगले महीने नए कनेक्शन को लेकर कोई निर्णय लिया जाए।
ऑनलाइन पोर्टल भी बंद किया गया
युद्ध शुरू होने के बाद से कंपनियों ने नए एलपीजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन पोर्टल बंद कर दिया है। इस दौरान ग्राहकों को 14 किलोग्राम सिलेंडर के स्थान पर 5 किलोग्राम सिलेंडर का विकल्प दिया गया। भोपाल की 41 गैस एजेंसियों पर 5 किलोग्राम क्षमता वाले 6 हजार सिलेंडर भेजे गए थे।
5 हजार से ज्यादा छोटे सिलेंडर बिके
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, अब तक करीब 5,500 सिलेंडर बिक चुके हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि नया पोर्टल शुरू होने के बाद इन उपभोक्ताओं के 5 किलोग्राम वाले कनेक्शन को 14 किलोग्राम के नियमित कनेक्शन में बदला जाएगा या नहीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

