
भोपाल। मध्य प्रदेश में दिसंबर का महीना सरकार के लिए नीतिगत समीक्षा और आगामी योजनाओं की रणनीति तय करने के लिहाज से अहम रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रियों को 7 से 11 दिसंबर तक होने वाले विधानसभा सत्र की तैयारी के साथ विभागीय उपलब्धियों का ब्योरा सदन में रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार की बड़ी बैठकों का सिलसिला अधिकारियों के नीति चिंतन शिविर से शुरू होगा। 2 दिसंबर को होने वाले इस आयोजन के निष्कर्षों पर 21 और 22 दिसंबर को चित्रकूट में प्रस्तावित मंत्रियों के चिंतन शिविर में चर्चा की जाएगी।
चित्रकूट में दो दिन चलेगा मंत्रियों का चिंतन शिविर
प्रदेश के सभी मंत्री 21 और 22 दिसंबर को चित्रकूट में जुटेंगे। इस बैठक में अधिकारियों के शिविर से तैयार होने वाली रिपोर्ट के आधार पर नीतियों, योजनाओं और उनके क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर विचार किया जाएगा। इससे पहले 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर शामिल होंगे।
2047 के मध्य प्रदेश का रोडमैप बनेगा चर्चा का केंद्र
अधिकारियों के शिविर में समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 दस्तावेज पर विचार-विमर्श होगा। इसके साथ नीतिगत और क्रियान्वयन संबंधी चुनौतियों के समाधान तलाशने पर जोर रहेगा। चर्चा में पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा, भविष्य की कार्ययोजना और आगामी रणनीति जैसे विषय भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में दो सत्र रखे गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों को इस आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के विचार-विमर्श के बाद तैयार रिपोर्ट को मंत्रियों के शिविर में रखा जाएगा, जहां उसके निष्कर्षों पर चर्चा होगी।
राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं साल में दो बार
मुख्यमंत्री ने युवाओं से किए गए वादे का जिक्र करते हुए कहा कि अगले साल राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं दो बार आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। आयोग ने आगामी वर्ष का परीक्षा कैलेंडर भी जारी कर दिया है।मंत्रियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों में खाली पदों की जानकारी और भर्ती के लिए जरूरी मांग पत्र समय पर आयोग तक पहुंचना सुनिश्चित करें।
स्वामित्व योजना में 26.50 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रियां
स्वामित्व योजना की प्रगति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके तहत अब तक 26.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं। उन्होंने मंत्रियों से अपने प्रभार वाले जिलों में योजना के अभियान की समीक्षा करने को कहा।
ग्वालियर के टेलिकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन में 28 हजार रोजगार
ग्वालियर में देश का पहला टेलिकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) विकसित किया जा रहा है। इसके पहले चरण में 25 कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं।परियोजना के दूसरे चरण के लिए 450 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। इस जोन के माध्यम से 28 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना बताई गई है।
7 से 11 दिसंबर तक विधानसभा सत्र, मंत्रियों को तैयारी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को आगामी विधानसभा सत्र के लिए विभागीय तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा है। सत्र 7 से 11 दिसंबर तक आयोजित होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि विधायकों के प्रश्नों और ध्यानाकर्षण सूचनाओं के जवाब निर्धारित समय पर भेजे जाएं। मंत्रियों को सदन में अपने-अपने विभाग की पिछले वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी भी जनता के सामने रखनी होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

