
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार अब अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखने की तैयारी में है। 13 दिसंबर को सरकार के तीन साल पूरे होंगे, इससे पहले विकास योजनाओं की प्रगति, अधूरे वादों और प्रशासनिक कामकाज की व्यापक समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने सरकार का विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही जनता के बीच तीन साल का रिपोर्ट कार्ड रखा जाएगा, ताकि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले सरकार की उपलब्धियों और अधूरे लक्ष्यों का पूरा ब्योरा सामने आ सके।
नई घोषणाओं से ज्यादा पुराने वादे पूरे करने पर जोर
मोहन सरकार ने आगामी दो वर्षों के लिए अपनी प्राथमिकताएं तय करने की कवायद शुरू कर दी है। सरकार का जोर अब नई योजनाओं की घोषणा करने के बजाय पहले से घोषित लक्ष्यों को पूरा करने पर रहेगा। इसके लिए विभागों से चुनावी घोषणा पत्र के वादों, सरकारी घोषणाओं और योजनाओं की मौजूदा स्थिति का हिसाब लिया जाएगा। कितने वादे पूरे हुए, कौन-सी परियोजनाएं लंबित हैं और योजनाओं का लाभ कितने हितग्राहियों तक पहुंचा, इसकी समीक्षा होगी।
2 दिसंबर को भोपाल में जुटेंगे प्रशासनिक अधिकारी
सरकार की तीन साल की उपलब्धियों और आगे की विकास रणनीति पर मंथन के लिए 2 दिसंबर को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में नीति चिंतन शिविर आयोजित होगा। करीब 14 महीने बाद प्रदेश के सभी कलेक्टर और संभागायुक्त एक साथ इस स्तर के आयोजन में शामिल होंगे। अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी भी शिविर का हिस्सा बनेंगे।
16 विषयों पर होंगे प्रस्तुतिकरण, दो सत्रों में बनेगी रणनीति
नीति चिंतन शिविर को दो प्रमुख सत्रों में बांटा गया है। पहले सत्र में विकसित मध्य प्रदेश के दीर्घकालीन लक्ष्य और विकास की दिशा पर चर्चा होगी। दोनों सत्रों में कुल 16 विषयों पर प्रस्तुतिकरण प्रस्तावित हैं।
- पहला सत्र – समृद्ध मध्य प्रदेश-2047: प्रदेश को विकसित बनाने के लिए दीर्घकालीन लक्ष्य, विकास की प्राथमिकताएं और उन्हें हासिल करने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
- दूसरा सत्र – सतत विकास लक्ष्य (SDG): विकास संकेतकों के आधार पर प्रदेश के प्रदर्शन, पिछले तीन वर्षों के कामकाज और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा होगी।
प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने विभागों और जिलों की प्रगति का विवरण प्रस्तुत करेंगे। शिविर के समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों के साथ मंथन
अधिकारियों के सुझावों और नीति चिंतन शिविर से निकले निष्कर्षों को अगले चरण में जनप्रतिनिधियों के सामने रखा जाएगा। इसके लिए 21 और 22 दिसंबर को सेवा चिंतन शिविर आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्य और भाजपा विधायक हिस्सा लेंगे। प्रशासनिक प्रस्तुतिकरण के आधार पर जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। चर्चा का प्रमुख एजेंडा विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करना, सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाना और लंबित परियोजनाओं को पूरा करने की रणनीति बनाना होगा।
राज्य नीति आयोग को सौंपी गई दोनों शिविरों की जिम्मेदारी
नीति चिंतन और सेवा चिंतन शिविर के आयोजन की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश राज्य नीति आयोग को दी गई है। दोनों आयोजनों के जरिए प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच विकास कार्यों को लेकर समन्वय स्थापित करने की योजना है। एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप ने पिछले दिनों बताया था कि बैठक के आयोजन के लिए तीन से चार स्थानों पर विचार किया गया है। मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक के लिए उन्हें जल्द जानकारी दी जाएगी। इससे पहले पचमढ़ी में भी इसी तरह की बैठक आयोजित की गई थी।
2028 के चुनाव से पहले सरकार रखेगी तीन साल का हिसाब
भाजपा सरकार के सामने अब कार्यकाल के शेष दो वर्षों में अपने वादों को जमीन पर उतारने की चुनौती है। इसी वजह से विभागवार उपलब्धियों और लंबित परियोजनाओं का ब्योरा तैयार कराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विजन डॉक्यूमेंट पेश करना और जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड जारी करना इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है। इससे पहले 7 और 8 अक्टूबर 2025 को भोपाल में आठ साल के अंतराल के बाद कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। उस बैठक में मुख्यमंत्री ने छह महीने बाद फिर ऐसी कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए थे।
अब दिसंबर में होने वाले दोनों चिंतन शिविरों के जरिए सरकार अगले दो वर्षों के लिए विकास और प्रशासनिक कामकाज की प्राथमिकताएं तय करने की तैयारी में है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

