मंगलवार, 23 जून 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP Monsoon Update: 72 घंटे में मध्य प्रदेश पहुंच सकता है मानसून, कई जिलों में बारिश का दौर जारी

23 जून, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
यह AI जनरेटेड फोटो है।

यह AI जनरेटेड फोटो है।

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून का इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं रह सकता। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों तक मानसून पहुंच चुका है और मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 48 से 72 घंटे के भीतर इसकी दस्तक प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हो सकती है। इस बार मानसून सामान्य समय से पीछे चल रहा है। आमतौर पर यह 15 जून तक मध्य प्रदेश पहुंच जाता है, लेकिन फिलहाल इसकी रफ्तार धीमी रही है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार बालाघाट और अनूपपुर से मानसून का प्रवेश होने की संभावना है।


अगले दो से तीन दिन अहम

मौसम विशेषज्ञ शुक्ला के मुताबिक मानसून की प्रगति के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में इसके पहुंचने के बाद अब अगले 48 घंटे में पूरे छत्तीसगढ़ को कवर करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यदि मौजूदा परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले दो से तीन दिन में मानसून मध्य प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर सकता है। शुरुआत बालाघाट और अनूपपुर क्षेत्र से होने के संकेत हैं।


प्रदेश में बारिश और बौछारों का सिलसिला जारी

हरियाणा के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर प्रदेश की दिशा में बने ऊपरी हवा के चक्रवात और उत्तरी गुजरात की ओर बनी ट्रफ लाइन के प्रभाव से प्रदेश में नमी पहुंच रही है। इसी वजह से कई जिलों में बारिश और बौछारों का दौर बना हुआ है।


सोमवार शाम तक:

- धार में करीब पौने दो इंच बारिश दर्ज की गई।

- भोपाल के कई इलाकों में दोपहर बाद तेज बारिश और बौछारें हुईं।

- राजधानी में शाम तक करीब पौन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।

- रतलाम, देवास और जबलपुर समेत कई जिलों के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हुई।


खंडवा में आंधी के साथ जोरदार बारिश

खंडवा में सुबह करीब 10 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिसके बाद दोपहर में धूप निकल आई। शाम को मौसम ने फिर करवट ली और करीब 4 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रतिघंटा बताई गई। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। हाटकेश्वर वार्ड के शिवाजी चौक के पास एक पुराना पेड़ गिरने से तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।


बड़वानी में किसानों को राहत

बड़वानी शहर में करीब आधे घंटे तक झमाझम बारिश हुई। खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई और खेतों में नमी बढ़ी।


छतरपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किशोरी की मौत

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के महाराजगंज गांव में दुखद घटना सामने आई। खेत पर गई दो चचेरी बहनें बारिश के दौरान आम के पेड़ के नीचे खड़ी थीं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे 12 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।


उज्जैन में बैंक की तकनीकी व्यवस्था प्रभावित

उज्जैन में आकाशीय बिजली गिरने से जिला सहकारी बैंक की पानबिहार शाखा को नुकसान पहुंचा। घटना में राउटर एंटीना, यूपीएस, केबलिंग समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। बिजली गिरने के असर से बैंक भवन की दीवारों में भी दरारें आ गईं। तकनीकी व्यवस्था प्रभावित होने से शाखा के कामकाज पर असर पड़ा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें