मंगलवार, 07 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP Monsoon Update: 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

07 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP Monsoon Update: 35 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश, कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में लगातार छह दिनों से सक्रिय मानसून ने बारिश की रफ्तार तेज कर दी है। बीते 24 घंटे में 35 से अधिक जिलों में वर्षा दर्ज की गई, जिससे प्रदेश की औसत बारिश 7 इंच तक पहुंच गई है।


जून के आखिर तक प्रदेश में वर्षा सामान्य से 33% कम थी, लेकिन लगातार बारिश के बाद यह अंतर घटकर अब सिर्फ 1% रह गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।


खजुराहो और मंडला में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान खजुराहो और मंडला में सबसे अधिक 4.2-4.2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बारिश का दौर जारी रहा। अच्छी बारिश वाले जिलों में सतना, रतलाम, सीधी, उमरिया, पन्ना, पचमढ़ी, रीवा, श्योपुर, नौगांव, भोपाल, नरसिंहपुर, दमोह, टीकमगढ़, बैतूल, नर्मदापुरम, इंदौर, सिवनी, सागर, शिवपुरी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, रायसेन, धार, जबलपुर, गुना, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, दतिया, मैहर, शाजापुर, सीहोर, छतरपुर, बुरहानपुर, बड़वानी और पांढुर्णा शामिल रहे।


बारिश से सामने आए हादसे

बड़वानी जिले के सेंधवा स्थित सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल में कक्षा 9 की छत का प्लास्टर गिर गया। इस घटना में दो छात्राएं घायल हुईं। दोनों के सिर में मामूली चोट आई, जिनका सिविल अस्पताल में उपचार कराया गया। इंदौर के पास खुड़ैल रोड स्थित जेतकारण गांव में सड़क धंसने से स्कूली बच्चों का आवागमन प्रभावित हुआ। उफनते नाले को पार कराने के लिए ग्रामीणों ने मानव शृंखला बनाकर बच्चों को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।


इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मंगलवार को बड़वानी, धार, बुरहानपुर, रतलाम, टीकमगढ़ और पन्ना सहित कई जिलों में बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:

  1. गुना

  2. अशोक नगर

  3. विदिशा

  4. सागर

  5. छतरपुर


इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की चेतावनी भी जारी की गई है।


प्रशासन ने लोगों से की अपील

लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।


पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें