
भोपाल। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ आज भोपाल के भेल दशहरा मैदान से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के अनुसार, करीब 21 साल के अंतराल के बाद प्रदेश में यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नए स्वरूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका कहना है कि सेवा का दायरा शहरों के साथ छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक बढ़ाया जाएगा।
5 साल में 15 हजार से ज्यादा बसों का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में परिवहन नेटवर्क को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। उनके अनुसार 3,500+ मार्गों पर अगले 5 वर्ष में 15,000+ सार्वजनिक परिवहन बसें संचालित करने की योजना है। इस व्यवस्था में अलग-अलग जरूरतों के लिए इंट्रासिटी, इंटरसिटी और इंटरस्टेट बसें चलाने की बात कही गई है।
गांव से शहर तक कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री के मुताबिक नई सेवा छोटे कस्बों और ग्रामीण इलाकों के यात्रियों के लिए आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। उनका कहना है कि परिवहन नेटवर्क से गांव से शहर, घर से काम और स्कूल-कॉलेज तक आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी। प्रदेश में आधुनिक बस स्टॉप, बस टर्मिनल और निजी बस ऑपरेटरों के लिए बस डिपो विकसित किए जाने की भी बात कही गई है।
टिकट के लिए कई भुगतान विकल्प
नई परिवहन सेवा में यात्रियों को टिकट भुगतान के लिए एक से ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं।
ऑनलाइन टिकटिंग
UPI
डेबिट/क्रेडिट कार्ड
NCMC कार्ड
नकद भुगतान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तैयार किया गया कनेक्टिविटी नेटवर्क यात्रा के समय को कम करने के साथ सफर को सुविधाजनक बनाने पर केंद्रित है।
बसों में पैनिक बटन और रियल-टाइम ट्रैकिंग
सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार बसों में आपात स्थिति के दौरान तत्काल सहायता के लिए पैनिक बटन लगाया गया है।
बसों में CCTV कैमरे, ड्राइवर मॉनिटरिंग और रियल-टाइम बस ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को तकनीक के साथ सुरक्षा, सुविधा और भरोसे की व्यवस्था मिलेगी।
EV और CNG बसों को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई परिवहन सेवा के तहत चलने वाली बसों में पर्यावरण अनुकूल वाहनों को प्राथमिकता दी गई है। इसमें EV और CNG बसें शामिल हैं। नई बसों को आधुनिक यात्री सुविधाओं और सुरक्षा तकनीक से लैस किए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही है।
24×7 कस्टमर केयर से शिकायतों का समाधान
यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के लिए 24×7 कस्टमर केयर सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री बोले- सड़क यात्रा में भी दिखेगा बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में हो रहे बदलाव का असर सड़क मार्ग से होने वाली यात्राओं में भी दिखाई देगा। उन्होंने यात्रियों के लिए स्मार्ट, सुविधाजनक और सुरक्षित सफर की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि नई परिवहन व्यवस्था के जरिए यात्रियों को उनकी मंजिल तक भरोसे के साथ पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। 3,500+ मार्गों और 15,000+ बसों का प्रस्तावित विस्तार इसी व्यापक परिवहन नेटवर्क का हिस्सा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

