
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नए स्वरूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। गुरुवार को संस्कृति विभाग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सामने कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की प्रारंभिक रूपरेखा प्रस्तुत करेगा, जिनमें अमरकंटक का नर्मदा लोक, धार का सरस्वती लोक और सांची में विशाल संग्रहालय प्रमुख हैं। बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा के साथ उन परियोजनाओं पर विशेष फोकस रहेगा, जिन्हें सरकार सिंहस्थ 2028 से पहले पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
नर्मदा लोक, सरस्वती लोक और सांची म्यूजियम पर प्रस्तुति
संस्कृति विभाग अमरकंटक में नर्मदा लोक विकसित करने की योजना प्रस्तुत करेगा। नर्मदा को देश की सबसे अधिक आस्था वाली नदियों में दूसरा स्थान प्राप्त होने के कारण उद्गम स्थल को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विकसित करने की तैयारी है। इसके साथ ही धार में सरस्वती लोक निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा भी रखी जाएगी। मुख्यमंत्री पहले ही इस परियोजना की घोषणा कर चुके हैं। वहीं सांची में अलग-अलग स्थानों पर बिखरे पुरातात्विक अवशेषों को एक स्थान पर संरक्षित कर विशाल संग्रहालय बनाने की योजना पर भी चर्चा होगी।
राम पथ गमन और श्रीकृष्ण पाथेय का होगा कॉन्सेप्ट प्रेजेंटेशन
बैठक में प्रदेश के दो प्रमुख धार्मिक सर्किट 'राम पथ गमन' और 'श्रीकृष्ण पाथेय' परियोजनाओं का कॉन्सेप्ट प्रेजेंटेशन भी मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा। सरकार की योजना भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े मध्य प्रदेश के मार्गों को धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की है। इसके अलावा चित्रकूट में परिक्रमा पथ और भारत घाट के विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।
इन प्रमुख धरोहरों की भी होगी समीक्षा
बैठक में प्रदेश के कई ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों से जुड़े प्रस्तावों और प्रगति की समीक्षा भी होगी।
भोपाल: स्टेट म्यूजियम में लाइट एंड साउंड शो शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा।
ग्वालियर किला: आगा खां ट्रस्ट से जुड़े कार्यों सहित अन्य विकास परियोजनाओं की समीक्षा।
इंदौर राजवाड़ा और लाल बाग पैलेस: लाल बाग पैलेस के 'अडॉप्टिव रियूज' और भविष्य के संचालन की योजना पर मंथन।
उज्जैन: वीर दुर्गादास छतरी पर पर्यटकों के लिए 'इमर्सिव एक्सपीरियंस' विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

