
भोपाल। मध्य प्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर चयन प्रक्रिया निर्णायक चरण में पहुंच गई है। 20 नवंबर को दिल्ली में होने वाली UPSC की बैठक अब दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के अगले पुलिस प्रमुख के लिए तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से भेजे गए 12 IPS अधिकारियों में से अब 11 नाम चयन के दायरे में हैं। वरिष्ठता सूची में शामिल जी अखेतो सेमा ने इस प्रक्रिया से अपना नाम वापस लेने के लिए सरकार को पत्र भेजा है।
12 में से 11 अधिकारियों पर होगा विचार
UPSC की ओर से मुख्य सचिव को भेजी गई नई सूचना में बैठक का समय संशोधित किया गया है। पहले इसका आयोजन दोपहर 3 बजे प्रस्तावित था, जिसे अब बदलकर 12:30 बजे कर दिया गया है। बैठक की तारीख 20 नवंबर ही रखी गई है और इसका स्थान दिल्ली रहेगा। चयन समिति में UPSC के चेयरमैन अथवा उनके प्रतिनिधि के साथ मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, एसीएस होम संजय शुक्ला और वर्तमान DGP कैलाश मकवाणा शामिल होंगे।
राज्य सरकार ने वरिष्ठता के आधार पर जिन 12 अधिकारियों की सूची UPSC को भेजी थी, उसमें ये नाम शामिल हैं:
- वरुण कपूर
- उपेंद्र जैन
- प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव
- पंकज श्रीवास्तव
- आदर्श कटियार
- जी अखेतो सेमा
- अनिल कुमार
- रवि गुप्ता
- अनंत कुमार सिंह
- मनमीत नारंग
- राजाबाबू सिंह
- डीपी गुप्ता
जी अखेतो सेमा ने चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं होने की इच्छा जताते हुए सरकार को पत्र लिखा है। दूसरी तरफ मनमीत नारंग वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत हैं।
शुरुआती तीन नामों में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा
वरिष्ठता सूची में सबसे ऊपर मौजूद वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम तीन सदस्यीय पैनल के लिए चर्चा में हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इन तीनों अधिकारियों के खिलाफ कोई शिकायत या जांच लंबित नहीं है। यदि चयन समिति में इन नामों पर सहमति नहीं बनती है, तो सूची में चौथे स्थान पर मौजूद पंकज श्रीवास्तव के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। UPSC की बैठक में तैयार होने वाला पैनल राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद तीन नामों में से किसी एक अधिकारी को पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी देने का अंतिम निर्णय सरकार करेगी।
23 नवंबर को दक्षिण कोरिया जाएंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 23 नवंबर को दक्षिण कोरिया दौरा प्रस्तावित है। वे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए निवेशकों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से विदेश रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले प्रदेश को नया पुलिस प्रमुख मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके चलते 22 नवंबर तक नए DGP के नाम की घोषणा को लेकर चर्चा है।
अंतिम फैसला राज्य सरकार के स्तर पर होना है। इसके लिए UPSC की बैठक में तैयार होने वाले तीन अधिकारियों के पैनल को आधार बनाया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

