
भोपाल। मध्य प्रदेश के मऊगंज, मैहर और पांढुर्ना के लिए बड़ी प्रशासनिक खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने इन तीनों नवगठित जिलों में जिला पंचायत गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही अब इन जिलों में पहली बार जिला पंचायत चुनाव कराने का रास्ता साफ हो गया है। करीब ढाई साल से जिला पंचायत व्यवस्था का इंतजार कर रहे इन जिलों के ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर विकास और प्रशासनिक फैसलों का लाभ मिलने की उम्मीद है।
नए जिले बनने के बाद अब मिलेगा अपना जिला पंचायत कार्यालय
मध्य प्रदेश में मऊगंज को 15 अगस्त 2023 को रीवा से अलग कर 53वां जिला बनाया गया था। इसके बाद 5 अक्टूबर 2023 को मैहर और पांढुर्ना क्रमशः सतना और छिंदवाड़ा से अलग होकर प्रदेश के 54वें और 55वें जिले बने। जिले बनने के बावजूद अब तक यहां जिला पंचायत कार्यालय नहीं थे। ग्रामीण विकास से जुड़े सभी काम पुराने जिलों की जिला पंचायतों के माध्यम से संचालित किए जा रहे थे।
अब पुराने जिलों पर नहीं रहना पड़ेगा निर्भर
अब तक मऊगंज के पंचायत संबंधी कार्य रीवा, मैहर के सतना और पांढुर्ना के छिंदवाड़ा जिला पंचायत के जरिए संचालित हो रहे थे। नई अधिसूचना जारी होने के बाद इन तीनों जिलों में पहली बार अपनी अलग जिला पंचायत का गठन होगा, जिससे प्रशासनिक कामकाज और विकास योजनाओं में तेजी आने की उम्मीद है।
आखिर जिला पंचायत गठन में क्यों लगी ढाई साल?
नए जिलों में जिला पंचायत गठन की प्रक्रिया लंबी इसलिए रही क्योंकि इसके लिए पुनर्सीमांकन (डीलिमिटेशन) और आरक्षण की पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ी। नए जिले बनने के बाद ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला पंचायतों की सीमाएं तय की जाती हैं। इसके बाद वार्डों का गठन और एससी, एसटी, ओबीसी तथा महिला वर्ग के लिए आरक्षण तय किया जाता है। इसी प्रक्रिया में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा।
मतदाता सूची का काम अंतिम चरण में
राज्य निर्वाचन आयोग नगरीय निकायों और पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची को अंतिम रूप देने में जुटा है। 18 जुलाई को संशोधित अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद नए जिलों में जिला पंचायत गठन की चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। वहीं, 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी ताकि दिसंबर 2027 से पहले प्रस्तावित पंचायत चुनावों के दौरान इन तीनों जिलों में पहली बार जिला पंचायत चुनाव कराए जा सकें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

