
भोपाल। कभी-कभी एक छोटी-सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में 24 साल के युवक कन्हैयालाल के साथ कुछ ऐसा ही हुआ, जब खाना खाते समय चिकन की नुकीली हड्डी सीधे उसके गले में अटक गई। कुछ ही मिनटों में उसकी सांस रुकने लगी, लेकिन डॉक्टर की समय पर की गई सर्जरी ने उसकी जान बचा ली।
घर पर खाते वक्त बिगड़ी हालत
रविवार रात कन्हैयालाल अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान चिकन की एक नुकीली हड्डी उसके गले में फंस गई। धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ने लगी। वह न ठीक से बोल पा रहा था, न कुछ निगल पा रहा था और सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। परिवार वालों की घबराहट बढ़ गई और बिना देरी किए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टर ने तुरंत किया ऑपरेशन
शाजापुर जिला अस्पताल में जांच के दौरान साफ हो गया कि हड्डी बेहद खतरनाक स्थिति में गले में फंसी हुई है। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर तेजपाल सिंह जादौन ने बिना वक्त गंवाए सर्जरी का फैसला लिया। पूरी सावधानी के साथ उन्होंने गले में फंसी हड्डी को सफलतापूर्वक निकाल लिया। कुछ ही देर में युवक की सांस सामान्य हो गई और उसकी हालत में तेजी से सुधार आया।
अब खतरे से बाहर युवक
ऑपरेशन के बाद कन्हैयालाल को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और फिलहाल वह पूरी तरह खतरे से बाहर है। परिजनों ने बताया कि अगर थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
खाना खाते समय जल्दबाजी न करें
डॉ. तेजपाल सिंह जादौन ने लोगों से अपील की है कि खाना खाते समय जल्दबाजी न करें, खासकर हड्डी वाले खाद्य पदार्थ खाते वक्त सावधानी रखें। अगर कभी गले में कुछ अटक जाए, सांस लेने या निगलने में दिक्कत हो, तो घरेलू उपायों में समय न गंवाएं और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

