
भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए शनिवार का दिन खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ। मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 327 करोड़ रुपये की राशि सीधे 54 लाख से ज्यादा हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर की। इस मौके पर खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
संध्या छाया ओल्ड एज होम का शुभारंभ
भोपाल में मुख्यमंत्री ने संध्या छाया ओल्ड एज होम का उद्घाटन किया। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बना यह वृद्धाश्रम 5 एकड़ में फैला हुआ है। सीएम ने कहा, “यहां बुजुर्गों को परिवार जैसा माहौल मिलेगा। निजी क्षेत्र में ऐसे वृद्धाश्रम बनाने पर सरकार हरसंभव मदद करती है। सरकार दिव्यांगों के साथ खड़ी है।”
दावोस से लौटकर बोले सीएम – एमपी में निवेश की बाढ़
कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने दावोस में हुए वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में मध्य प्रदेश भी शामिल है। उन्होंने कहा, “दावोस में हर उद्योगपति मध्य प्रदेश से जुड़ना चाहता है। एमपी की सस्ती बिजली और सोलर ऊर्जा पर हो रहे काम की खूब तारीफ हुई। यहां प्राकृतिक संसाधनों और कृषि उत्पादन की बड़ी ताकत है।”
दावोस फोरम में MP की धमक
मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस फोरम दुनिया का सबसे बड़ा व्यापारिक मंच है, जहां भारत के प्रतिनिधिमंडल की सबसे बड़ी मौजूदगी रही और उसमें मध्य प्रदेश की अलग पहचान बनी। “हर सेक्टर से निवेशक भारत और मध्य प्रदेश में आना चाहते हैं।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

