
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले का गौतमपुरा एक बार फिर सदियों पुरानी युद्ध परंपरा का गवाह बनने जा रहा है। दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर यहां कलंगी और तुर्रा दल के बीच पारंपरिक हिंगोट युद्ध होगा, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे की ओर जलते हुए अग्निबाण फेंकेंगे। करीब 200 साल पुरानी इस परंपरा को देखने के लिए हजारों लोग गौतमपुरा पहुंचते हैं। खास बात यह है कि इस प्रतीकात्मक मुकाबले में आमने-सामने उतरने वाले योद्धा युद्ध से पहले एक-दूसरे को गले लगाते हैं और भगवान देवनारायण का आशीर्वाद लेकर मैदान में उतरते हैं।
गौतमपुरा और रूणजी के योद्धाओं के बीच होगा मुकाबला
हिंगोट युद्ध में दो अलग-अलग दल हिस्सा लेते हैं। इनमें गौतमपुरा गांव के योद्धा तुर्रा दल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि रूणजी गांव के योद्धा कलंगी दल की ओर से मैदान में उतरते हैं। दोनों समूह शाम के समय निर्धारित युद्ध मैदान में आमने-सामने पहुंचते हैं। अंधेरा बढ़ने के साथ ही जलते हुए हिंगोट एक-दूसरे की तरफ फेंकने का सिलसिला शुरू होता है।
युद्ध से पहले गले मिलते हैं दोनों दल
इस आयोजन की पहचान केवल अग्निबाणों का मुकाबला नहीं है। मैदान में उतरने से पहले तुर्रा और कलंगी दल के योद्धा आपस में मिलते हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर भगवान देवनारायण से आशीर्वाद लेते हैं। रोशनी कम होते ही मुकाबला शुरू होता है। आसमान में उड़ते आग के गोले पूरे मैदान में अनोखा दृश्य बनाते हैं और चारों तरफ जय देवनारायण के जयकारे सुनाई देते हैं।
मुगल काल से जुड़ी है हिंगोट युद्ध की कहानी
स्थानीय मान्यता के मुताबिक, हिंगोट युद्ध की शुरुआत मुगल काल में हुई थी। उस दौर में जब मुगल सेनाएं गांवों में लूटपाट करती थीं, तब मराठा योद्धा दुश्मनों पर हमला करने के लिए हिंगोट का इस्तेमाल करते थे। समय के साथ युद्ध में इस्तेमाल होने वाला यह तरीका एक पारंपरिक आयोजन का रूप लेता गया। आज यह मुकाबला दुश्मनी के बजाय आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे की पहचान बन चुका है।
घायल योद्धाओं का हालचाल लेने भी जाते हैं साथी
हिंगोट युद्ध की एक विशेष परंपरा मुकाबले के बाद भी निभाई जाती है। युद्ध के दौरान घायल होने वाले योद्धाओं के घर जाकर दूसरे दल के लोग उनका हालचाल पूछते हैं। इस परंपरा का संदेश है कि मैदान में मुकाबला होने के बावजूद आपसी रिश्ते और सम्मान कायम रहते हैं। यहां वीरता को केवल युद्ध जीतने से नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ खड़े रहने से भी जोड़ा जाता है।
हिंगोट फल से तैयार किया जाता है अग्निबाण
इस युद्ध में इस्तेमाल होने वाला हिंगोट किसी सामान्य पटाखे की तरह नहीं होता। यह हिंगोरिया नाम के पेड़ पर लगने वाला फल है, जिसे ग्रामीण कई दिन पहले जंगल से इकट्ठा करते हैं। इसका आकार नींबू से कुछ बड़ा होता है। बाहरी आवरण नारियल की तरह कठोर और अंदर का हिस्सा गूदे से भरा रहता है।
बारूद और बांस की पिंची से तैयार होता है हिंगोट
हिंगोट तैयार करने की पारंपरिक प्रक्रिया में फल के अंदर का गूदा साफ किया जाता है। इसके बाद एक तरफ बड़ा और दूसरी ओर छोटा छेद बनाकर उसमें बारूद भरा जाता है। इसे दो दिन तक धूप में रखा जाता है। बड़े छेद को पीली मिट्टी से बंद किया जाता है, जबकि दूसरे छोटे छेद पर बारूद की टीपकी लगाई जाती है। निशाना सीधा रखने के लिए इसके ऊपर करीब 8 इंच लंबी बांस की पिंची बांधी जाती है।
साफा बांधकर और ढाल लेकर मैदान में पहुंचते हैं योद्धा
हिंगोट युद्ध के दिन दोनों दलों के योद्धा पारंपरिक वेशभूषा में निकलते हैं। सिर पर साफा, कंधे पर हिंगोट से भरा झोला और हाथ में ढाल व जलती हुई लकड़ी लेकर वे नाचते-गाते युद्ध मैदान की ओर बढ़ते हैं। गौतमपुरा की यह अनूठी परंपरा आज भी स्थानीय लोगों के उत्साह और सांस्कृतिक विरासत के कारण जीवित है। हर साल हजारों दर्शक इस आयोजन को देखने पहुंचते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

