
भोपाल। मध्यप्रदेश में अब गर्मी अपने सबसे खतरनाक दौर में प्रवेश करने जा रही है। राजधानी भोपाल समेत पूरे प्रदेश में 25 मई से शुरू हो रहा नौतपा लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले नौ दिनों में कई शहरों का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी दिन में सड़कें तपेंगी और लू लोगों को बेहाल करेगी।
25 मई से शुरू होगा नौतपा
हिंदू पंचांग के अनुसार 25 मई दोपहर 3:44 बजे सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा। इसी के साथ नौतपा की शुरुआत होगी, जो 2 जून तक चलेगा। मौसम विज्ञान और ज्योतिष दोनों में इस अवधि को बेहद अहम माना जाता है। मान्यता है कि इन नौ दिनों की गर्मी मानसून और बारिश के रुख का संकेत देती है।
भोपाल में अभी से बढ़ी तपिश
राजधानी भोपाल में फिलहाल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज हुआ। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है।
लू और गर्म हवाओं से बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग का अनुमान है कि नौतपा के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज लू चल सकती है। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा पिछले वर्षों के मुकाबले ज्यादा असर दिखा सकता है।
राहत के भी हैं संकेत
हालांकि तपिश के बीच थोड़ी राहत की उम्मीद भी जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।
मानसून जल्दी आने की संभावना
एक अच्छी खबर यह भी है कि इस बार मानसून तय समय से पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। अगर मानसून की रफ्तार तेज रही तो जून की शुरुआत में मध्यप्रदेश को भी गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों ने ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सीधे धूप से बचने की अपील की है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लू से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

