
भोपाल। दिल्ली में सोमवार शाम हुए विस्फोट के बाद मध्य प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय के सिचुएशन रूम से प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
सीएम मोहन यादव ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थानों, बाजारों और बस-रेलवे स्टेशनों पर चौकसी और गश्त बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा, “संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें, परंतु यह भी ध्यान रहे कि आम जनता के सामान्य जीवन पर कोई असर न पड़े।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सीसीटीवी मॉनिटरिंग, चेकिंग अभियान, और इंटेलिजेंस यूनिट्स को और सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी ने दी सुरक्षा उपायों की जानकारी
बैठक में डीजीपी कैलाश मकवाना ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद प्रदेश में सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस बलों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है और रेलवे स्टेशन, होटल, लॉज, और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रातभर सघन जांच अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की रीयल टाइम रिपोर्टिंग तुरंत मंत्रालय को दी जाए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

