
भोपाल। मध्यप्रदेश में खरीफ फसलों की सरकारी खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश में धान की खरीदी 1 दिसंबर से 20 जनवरी तक होगी, जबकि ज्वार और बाजरा का उपार्जन 23 दिसंबर तक जारी रहेगा।मुख्यमंत्री निवास पर रविवार को हुई समीक्षा बैठक में किसानों के पंजीयन, खरीदी केंद्रों, परिवहन, भंडारण और फसल की गुणवत्ता की व्यवस्था पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ वास्तविक किसानों को प्राथमिकता मिले और तकनीकी खामियों के कारण कोई पात्र किसान सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
धान का MSP 2,441 रुपये प्रति क्विंटल
धान उत्पादक किसानों के लिए इस खरीफ सीजन में न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान की सरकारी खरीदी 1 दिसंबर 2026 से 20 जनवरी 2027 तक चलेगी। ज्वार और बाजरा की खरीदी 23 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। सभी फसलों की खरीद सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच होगी।
8.91 लाख किसानों ने कराया पंजीयन
समीक्षा बैठक में बताया गया कि प्रदेश में धान के लिए 8 लाख 91 हजार 412 किसानों ने पंजीयन कराया है। खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पहली बार एग्रीस्टैक डेटा के आधार पर किसान पंजीयन प्रक्रिया शुरू की गई है। धान की खेती का रकबा वर्ष 2026-27 में 41 लाख 54 हजार हेक्टेयर दर्ज किया गया है। प्रदेश में धान का अनुमानित उत्पादन 1 करोड़ 47 लाख 73 हजार मीट्रिक टन बताया गया है।
1,433 धान खरीदी केंद्र तैयार
प्रदेश में धान उपार्जन के लिए 1,433 केंद्र स्थापित किए गए हैं। मोटे अनाज की खरीदी के लिए 56 केंद्र बनाए गए हैं। सभी जिलों में पर्याप्त परिवहनकर्ताओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। धान के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले ट्रकों के पंजीयन का सत्यापन सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा। इससे परिवहन व्यवस्था की निगरानी और उपार्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
खरीदी केंद्रों पर डिजिटल निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत केंद्रों पर किसानों को तय तारीख और समय पर उपज बेचने की सुविधा मिले। केंद्रों पर डिजिटल निगरानी के साथ तौल और उपज की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिलों में जरूरत के मुताबिक बारदाना, परिवहन साधनों और भंडारण क्षमता की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित करने को कहा। खरीदी के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी गलती से किसान न हो परेशान
मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों और अनुविभागीय अधिकारियों को उपार्जन अवधि में व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखने को कहा। सत्यापन के जरिए वास्तविक किसानों की पात्रता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने साफ किया कि किसी पात्र किसान को तकनीकी त्रुटि के चलते सरकारी उपार्जन सुविधा का लाभ मिलने से नहीं रोका जाना चाहिए।
मिलेट्स की खेती बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने ज्वार, बाजरा सहित सभी प्रकार के श्रीअन्न यानी मिलेट्स की खेती को प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई। इसके लिए गांवों में जागरूकता का माहौल बनाने और किसानों को मिलेट्स बेचने के लिए मंडियों में आसान व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सरकार का जोर केवल खरीदी व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में मोटे अनाज के उत्पादन को भी बढ़ावा देने पर है।
बैठक में ये अधिकारी रहे शामिल
खरीफ उपार्जन 2026-27 की समीक्षा बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत वर्चुअली शामिल हुए। मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष के.पी. यादव और मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नागाइच भी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े। समत्व भवन में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, के.सी. गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

