
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के 277 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने प्रशस्ति रोल देकर सम्मानित किया। भोपाल की आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में शुक्रवार, 27 नवंबर को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति रोल अलंकरण समारोह आयोजित हुआ।
समारोह में पुलिसिंग के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मान मिला। इस अवसर पर DGP ने पुलिस अधिकारियों को अच्छे काम करने वाले अधीनस्थों को समय पर प्रोत्साहित करने और लापरवाही करने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय करने का संदेश भी दिया।
2002 से चल रही है प्रशस्ति रोल सम्मान की परंपरा
विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशासन आदर्श कटियार ने समारोह के स्वागत उद्बोधन में इस सम्मान की शुरुआत और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 में शुरू हुई यह व्यवस्था साल में दो बार आयोजित की जाती है। अब तक इस सम्मान से 915 पुलिसकर्मी नवाजे जा चुके हैं। शुक्रवार को आयोजित समारोह में 277 नए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति रोल प्रदान किए गए।
इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वालों को मिला सम्मान
प्रशस्ति रोल के लिए पुलिसिंग से जुड़े कई क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया जाता है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- नक्सल विरोधी अभियान में योगदान।
- पुलिस कार्रवाई में उल्लेखनीय भूमिका।
- प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सराहनीय सेवाएं।
- पुलिस प्रशिक्षण और अनुसंधान।
- वाहन संचालन में उत्कृष्ट कार्य।
अच्छे काम को पहचानने में देरी न करें पुलिस अधिकारी: मकवाणा
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने कहा कि पुलिस जैसे अनुशासित और वर्दीधारी विभाग में अच्छे काम को प्रोत्साहन देना जितना जरूरी है, गलतियों पर कार्रवाई करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस इकाइयों के प्रमुखों को निर्देशित किया कि उनके अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के सराहनीय कार्यों को तुरंत संज्ञान में लें। पुरस्कार के प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया में बेवजह देरी नहीं होनी चाहिए।
महिला की जान बचाने वाले पुलिसकर्मी को 10 हजार का इनाम
DGP ने समय पर पुरस्कार देने के महत्व को समझाने के लिए एक घटना का उदाहरण भी साझा किया। उन्होंने बताया कि ट्रेन से गिर रही एक महिला की जान बचाने वाले पुलिसकर्मी को उसके साहसिक कार्य के लिए एक दिन के भीतर 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
मकवाणा के मुताबिक, अच्छे काम करने वालों को तत्काल सम्मान मिलना चाहिए, जबकि लापरवाही और अनियमितता के मामलों में संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करके उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

