
भोपाल। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में खेल कोटे से सीधी भर्ती को नई व्यवस्था के साथ फिर शुरू करने का फैसला लिया है। अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही राज्य में सरकारी नौकरी पाने का बेहतर अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों के लिए बदले नियम, भर्ती होगी ज्यादा पारदर्शी
राज्य सरकार के अनुसार, गृह विभाग ने 'मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021' में संशोधन किया है। इसकी अधिसूचना 15 जून को जारी की जा चुकी है। नए प्रावधानों का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाना है। इससे खिलाड़ियों को भर्ती प्रक्रिया में स्पष्टता भी मिलेगी।
इतने पदों पर मिलेगी सीधी नियुक्ति
नई व्यवस्था के तहत मध्यप्रदेश पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 10 उप निरीक्षक (SI) और 50 आरक्षक (Constable) पद आरक्षित किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इससे खिलाड़ियों को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा और वे अपने खेल करियर को भी जारी रख सकेंगे।
अब हर साल निकलेगा खेल कोटे का विज्ञापन
संशोधित नियमों के अनुसार पुलिस मुख्यालय हर वर्ष खेल कोटे की रिक्तियों का विज्ञापन जारी करेगा। इससे भर्ती प्रक्रिया नियमित होगी और खिलाड़ियों को अवसर का इंतजार वर्षों तक नहीं करना पड़ेगा। यह बदलाव राज्य में खेल संस्कृति को भी मजबूती देगा।
किन खिलाड़ियों को मिलेगा फायदा?
अब केवल पदक विजेता ही नहीं, बल्कि ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल में भाग लेने वाले खिलाड़ी भी सीधी भर्ती के पात्र होंगे। हालांकि केवल वही खेल मान्य होंगे, जो पिछले तीन ओलंपिक में शामिल रहे हैं। इससे पात्रता का दायरा पहले की तुलना में व्यापक हो गया है।
शैक्षणिक योग्यता, ऊंचाई और परीक्षा में मिलेगी छूट
नए नियमों के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड (ऊंचाई) में पूरी छूट मिलेगी। इसके अलावा उन्हें लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से भी छूट दी जाएगी। खिलाड़ियों का चयन उनके खेल प्रदर्शन और तय मूल्यांकन प्रणाली के आधार पर होगा।
उप निरीक्षक बनने के लिए क्या होगी पात्रता?
उप निरीक्षक पद पर वही खिलाड़ी नियुक्त हो सकेंगे जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप या विश्व चैम्पियनशिप में भाग लिया हो। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत, कांस्य पदक विजेता और सहभागिता करने वाले खिलाड़ी पात्र होंगे।
आरक्षक पद के लिए कौन कर सकेगा आवेदन?
जो खिलाड़ी उप निरीक्षक पद की पात्रता पूरी करते हैं, वे आरक्षक पद के लिए भी स्वतः पात्र होंगे। इसके अलावा राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी आरक्षक पद के लिए आवेदन कर सकेंगे।
बराबर मेरिट होने पर कैसे होगा चयन?
यदि दो खिलाड़ियों के अंक समान होते हैं तो प्राथमिकता क्रम ओलंपिक, एशियाई खेल, विश्व कप जैसी प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर तय होगा। इसके बाद आवश्यकता पड़ने पर खिलाड़ी की आयु को आधार बनाया जाएगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

