बुधवार, 11 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

सुबह की सैर पड़ सकती है भारी! मध्य प्रदेश के इन शहरों में सांस लेना हुआ मुश्किल, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

10 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
सुबह की सैर पड़ सकती है भारी! मध्य प्रदेश के इन शहरों में सांस लेना हुआ मुश्किल, विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश के कई शहरों में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। उज्जैन में AQI 411 और भोपाल में 404 दर्ज होने से दोनों शहरों की हवा सीवियर श्रेणी में आ गई है। प्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, देवास, मंडीदीप और सिंगरौली में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा है। विशेषज्ञों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।


उज्जैन में सबसे खराब हवा, भोपाल दूसरे नंबर पर

उज्जैन के रीजनल ऑफिस स्टेशन पर AQI 411 और भोपाल के टीटी नगर में 404 रहा। इंदौर के मगुदा नगर में 380, ग्वालियर के डीडी नगर में 369, जबलपुर के मरहटल में 353, देवास के भोपाल चौराहे पर 337, मंडीदीप में 325, सिंगरौली में 306, पीथमपुर में 261 और कटनी में 229 AQI दर्ज हुआ। दो स्टेशन सीवियर, आठ वेरी पुअर और दो पुअर श्रेणी में बताए गए हैं।


दिवाली पर पिछले साल से 22% ज्यादा प्रदूषण

इस साल दिवाली पर प्रदूषण पिछले वर्ष की तुलना में करीब 22 प्रतिशत बढ़ा। दिवाली की रात 3 बजे की मॉनिटरिंग में अधिकांश प्रदूषित स्टेशनों पर PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा।


सुबह की मॉर्निंग वॉक से बचें

पर्यावरणविद् सुभाष सी. पांडे ने अधिक प्रदूषित इलाकों में गैरजरूरी आवाजाही से बचने की सलाह दी है। सुबह 8 बजे से पहले पार्क में टहलने न जाएं। 6 साल से छोटे बच्चों और 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को बाहर नहीं निकलना चाहिए। आतिशबाजी से कम से कम 100 मीटर दूर रहें और घर में एयर प्यूरीफायर हो तो उसका इस्तेमाल करें।


प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जारी करें एडवाइजरी

सुभाष सी. पांडे के अनुसार प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर लोगों को अलर्ट करना चाहिए। सड़कों पर भी प्रदूषण वाले क्षेत्रों की जानकारी देने वाले संकेत होने चाहिए। सर्दी पूरी तरह शुरू होने से पहले ही हवा की स्थिति खराब है, इसलिए आगे प्रदूषण बढ़ने की आशंका को गंभीरता से लेना जरूरी है।


ठंडी सुबह में जमीन के पास बने रहते हैं प्रदूषण के कण

पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. पराग शर्मा के अनुसार ठंडी हवा भारी होने के कारण प्रदूषण के कण जमीन के नजदीक बने रह सकते हैं। इसी ऊंचाई पर लोग सांस लेते हैं। धूप निकलने और हवा बेहतर होने के बाद ही बाहर निकलें। जरूरत पड़ने पर मास्क लगाएं और सांस के मरीज निर्धारित दवाएं व इनहेलर नियमित लें।


निर्माण स्थलों के आसपास मास्क जरूरी

निर्माण कार्य वाले इलाकों में धूल और प्रदूषण अधिक हो सकता है। वहां मास्क पहनें। सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोग विशेष सावधानी रखें। डॉ. शर्मा ने सामान्य लोगों को सादे पानी की भाप लेने की सलाह दी है। किसी भी सांस संबंधी परेशानी में चिकित्सकीय सलाह को प्राथमिकता दें।


ग्वालियर, भोपाल और जबलपुर में PM 2.5 का असर

ग्वालियर के तीनों मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। भोपाल के पर्यावरण परिसर और टीटी नगर में भी PM 2.5 का असर दर्ज हुआ। इंदौर की छोटी ग्वालटोली में PM 10 प्रमुख प्रदूषक था। जबलपुर के मरहटल और सुहागी में PM 2.5 के कारण AQI 300 से ऊपर पहुंचा।


क्या है PM 2.5?

PM 2.5 हवा में मौजूद 2.5 माइक्रोमीटर या उससे छोटे प्रदूषण कण हैं। ये सांस के साथ फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और कुछ स्थितियों में खून में भी प्रवेश कर सकते हैं। वाहनों और उद्योगों का धुआं, कचरा व पराली जलाना तथा ईंधन का जलना इसके प्रमुख स्रोत हैं। इनसे सांस और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें