
भोपाल। मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीसरी सीट का चुनाव अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। बीजेपी ने महेश केवट को तीसरा उम्मीदवार बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। वहीं, कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी नटराजन मैदान में हैं। इस बीच भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार के अचानक संपर्क से बाहर होने से सियासी हलचल और तेज हो गई है। दोनों प्रमुख दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन तीसरी सीट पर हर वोट की अहमियत ने राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है।
बीजेपी और कांग्रेस ने भरा जीत का दम
सोमवार को बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट और कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावा किया कि बीजेपी तीसरी सीट भी जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का उम्मीदवार सभी विधायकों से समर्थन मांगेगा और जीत को लेकर उन्हें पूरा विश्वास है।
कांग्रेस ने एकजुटता का दिया संदेश
कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर खरीद-फरोख्त और दबाव की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और पार्टी की ओर से किसी तरह की टूट की आशंका नहीं है।
निर्मला सप्रे की सीएम से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
राजनीतिक हलकों में उस समय नई चर्चा शुरू हो गई, जब बीना से विधायक निर्मला सप्रे ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार महेश केवट को समर्थन देने का भरोसा जताया है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
कमलेश्वर डोडियार बने सबसे अहम चेहरा
राज्यसभा चुनाव में सबसे ज्यादा नजर अब भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के विधायक कमलेश्वर डोडियार पर है। सोमवार शाम से उनका दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों से संपर्क नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि उनके इस्तेमाल किए जाने वाले दोनों मोबाइल फोन बंद मिले, जिससे सियासी गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया।
तीसरी सीट पर हर वोट की अहमियत
राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है। ऐसे में निर्दलीय और छोटे दल के विधायक का समर्थन भी निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इसी वजह से सभी की नजर अब कमलेश्वर डोडियार सहित उन विधायकों पर टिकी है, जिनका वोट चुनाव का परिणाम बदल सकता है। आने वाले दिनों में यह मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

