
भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। जून में रिक्त होने वाली 3 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी बीच राजधानी भोपाल में हुई दो अहम राजनीतिक मुलाकातों ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अलग-अलग समय पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इन बैठकों को राज्यसभा चुनाव और संभावित दतिया उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
राज्यसभा की 3 सीटों पर चुनाव
जून में मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही हैं। इनमें फिलहाल दो सीटें भाजपा और एक सीट कांग्रेस के पास है। दोनों दल अपने-अपने उम्मीदवारों के नामों पर मंथन कर रहे हैं। भाजपा जहां अपनी दोनों सीटें बरकरार रखने की कोशिश में है, वहीं राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि पार्टी तीसरी सीट पर भी रणनीति बना सकती है।
नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता बढ़ी
दतिया विधानसभा सीट को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। कांग्रेस विधायक रहे राजेंद्र भारती का चुनाव शून्य घोषित होने के बाद यह सीट खाली मानी जा रही है और संभावित उपचुनाव की चर्चा चल रही है। बीजेपी के भीतर दतिया से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात ने अटकलों को और बल दिया है।
शिवराज की मुलाकात के भी निकाले जा रहे मायने
नरोत्तम मिश्रा के मुख्यमंत्री निवास से लौटने के कुछ समय बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी सीएम मोहन यादव से मिलने पहुंचे। हालांकि दोनों मुलाकातों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन राज्यसभा चुनाव और संगठनात्मक रणनीति के बीच इन बैठकों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष दिल्ली में डटे
राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दिल्ली में रहना भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व संभावित उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम स्तर पर विचार-विमर्श कर रहा है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में तस्वीर साफ हो सकती है।
पहले दिन नहीं हुआ एक भी नामांकन
निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मध्यप्रदेश विधानसभा सचिवालय के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा को रिटर्निंग ऑफिसर और उमेश कुमार शर्मा को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
हालांकि नामांकन के पहले दिन कोई भी उम्मीदवार पर्चा दाखिल करने नहीं पहुंचा। अधिकारी सुबह 11 बजे से 3 बजे तक निर्धारित कक्ष में मौजूद रहे
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

