
भोपाल। प्रदेश के पात्र हितग्राहियों को उचित मूल्य दुकानों से अगस्त-सितंबर की राशन सामग्री का एकमुश्त वितरण 31 अगस्त तक किया जाएगा। इस संबंध में खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की ओर से अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य मंत्री ने कहा है कि राशन सामग्री का शत प्रतिशत उठाव 15 अगस्त तक पूरा कर उचित मूल्य दुकानों में भण्डारण सुनिश्चित किया जाए। अन्त्योदय अन्न योजना के हितग्राहियों को 35 किलोग्राम प्रति परिवार राशन (गेहूं-चावल) और प्राथमिकता परिवार श्रेणी में आने वाले हितग्राहिओं को 5 किलोग्राम प्रति सदस्य राशन दिया जाता है। साथ ही दोनों श्रेणी के हितग्राहियों को एक किलोग्राम नमक प्रति परिवार दिया जाता है।
दो बार कराया जाएगा बायोमेट्रिक सत्यापन
पीओएस मशीन में अगस्त व सितंबर की राशन सामग्री को वितरित करते समय दो बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के अनुबंधित परिवहनकर्ताओं के माध्यम से दुकानों पर राशन सामग्री का प्रदाय समय पर सुनिश्चित कराएं। इसकी जीपीएस के माध्यम से मॉनिटरिंग भी करें। उचित मूल्य दुकानों पर राशन सामग्री देने और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

