
भोपाल। राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश की सात प्रमुख सड़कों के लंबे समय तक रखरखाव की तैयारी शुरू हो गई है। इन मार्गों की कुल लंबाई 474.46 किलोमीटर है और अगले 60 महीने तक इन्हें तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार बनाए रखने की जिम्मेदारी ठेकेदारों की होगी।
मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) ने प्रदर्शन-आधारित रखरखाव के लिए निविदाएं जारी की हैं। पूरी अवधि में सड़क की सतह, मरम्मत और नियमित रखरखाव से जुड़े काम संबंधित ठेकेदारों को करने होंगे।
इन सात प्रमुख मार्गों को किया गया शामिल
एमपीआरडीसी की निविदाओं में प्रदेश के अलग-अलग संभागों से जुड़े ये मार्ग शामिल हैं—
गुना-अशोकनगर-ईसागढ़
सतना-मैहर-बड़ही-परासी मोड़
जावरा-आगर
बड़ोद-दुग
बुरहान-अमरकंटक
भोपाल-बैरसिया-सिरोंज
डबरा-भीतरवार-हरसी-नरवर
प्रदर्शन-आधारित अनुबंध में सड़क को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी।
भोपाल संभाग में 45 किमी सड़क का रखरखाव
भोपाल-बैरसिया-सिरोंज मार्ग के अलग-अलग हिस्सों की 45 किलोमीटर लंबाई के लिए 24.96 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। ग्वालियर संभाग में डबरा-भीतरवार-हरसी-नरवर मार्ग के 62.40 किलोमीटर हिस्से के रखरखाव की अनुमानित लागत 24.68 करोड़ रुपये है।
गुना-अशोकनगर-ईसागढ़ मार्ग भी सूची में
ग्वालियर संभाग के गुना-अशोकनगर-ईसागढ़ मार्ग के 40.900 से 77.000 किलोमीटर हिस्से की 72 किलोमीटर सड़क के रखरखाव के लिए 20.48 करोड़ रुपये की लागत तय की गई है।
सतना के दो हिस्सों के लिए अलग निविदाएं
सतना-मैहर-बड़ही-परासी मोड़ मार्ग के दो हिस्सों को रखरखाव योजना में लिया गया है। इनमें एक की लंबाई 38.80 किलोमीटर और दूसरे की 71.46 किलोमीटर है। इन दोनों हिस्सों के लिए अनुमानित लागत क्रमशः 38.80 करोड़ रुपये और 35 करोड़ रुपये रखी गई है।
उज्जैन और शहडोल संभाग के मार्ग
उज्जैन संभाग में जावरा-आगर और बड़ोद-दुग मार्गों से जुड़े कार्य भी प्रस्तावित हैं। इनसे संबंधित आंकड़ों में 48 किलोमीटर हिस्से के लिए 33.49 करोड़ रुपये और जावरा-आगर के 60 किलोमीटर हिस्से के लिए 30.96 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत दी गई है। शहडोल संभाग के बुरहान-अमरकंटक मार्ग के 76.80 किलोमीटर हिस्से के रखरखाव पर 29.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं।
छह महीने वाले दो काम भी प्रस्तावित
एमपीआरडीसी ने प्रदर्शन-आधारित सड़क रखरखाव के अलावा दो अन्य कार्यों के लिए भी निविदाएं आमंत्रित की हैं। इनकी अनुमानित लागत 10.95 करोड़ रुपये और 9.32 करोड़ रुपये है। दोनों कार्यों की अनुबंध अवधि छह महीने निर्धारित की गई है।
बरगवां-विंध्यनगर मार्ग पर यूजर फी का अनुबंध
बरगवां-विंध्यनगर मार्ग पर उपयोगकर्ता शुल्क यानी यूजर फी वसूली के लिए भी अनुबंध प्रस्तावित किया गया है। इसकी अनुमानित लागत 12.55 करोड़ रुपये और अवधि 24 महीने रखी गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

