मंगलवार, 07 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

एमपी: राज्य शिक्षा केंद्र ने पुन: परीक्षा के परिणाम किए घोषित, 5वीं में 80% और 8वीं में 74 % से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण

07 जुल, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
एमपी: राज्य शिक्षा केंद्र ने पुन: परीक्षा के परिणाम किए घोषित, 5वीं में 80% और 8वीं में 74 % से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग ने मंगलवार को कक्षा 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। शैक्षणिक सत्र 2025-26 की पुन: परीक्षा में कक्षा 5वीं में 80.42 और कक्षा 8वीं में 74.16 % परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, मुख्य वार्षिक परीक्षा और पुन: परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या को मिलाकर इस सत्र में कक्षा 5वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.89 व कक्षा 8वीं का कुल परीक्षा परिणाम 98.19 प्रतिशत रहा है।


राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर संचालक डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक परीक्षा परिणामों को राज्य शिक्षा केंद्र के परीक्षा पोर्टल https://www.rskmp.in/result.aspx पर जाकर देख सकते हैं। राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से 16 से 23 जून के बीच कक्षा 5वीं व 8वीं की पुन: परीक्षाओं का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश की शासकीय, अशासकीय शालाओं एवं पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 71, 548 तथा कक्षा 8वीं के 76, 274 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। 


इन विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेश में कुल 322 केन्द्र बनाए गए थे। 17, 000 से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं के द्वारा अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की गई थी। कक्षा पांचवीं में शासकीय स्कूलों के कुल 46, 665 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें 36, 217 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। मदरसा में 581 में से 352 विद्यार्थी पास हुए हैं, तो वहीं अशासकीय स्कूलों के 24, 302 विद्यार्थियों में से 20, 971 विद्यार्थी परीक्षा में पास हुए हैं।


 इसी प्रकार कक्षा 8वीं में शासकीय स्कूलों के कुल 56,738 विद्यार्थियों में से 40, 315 उत्तीर्ण हुए हैं। मदरसा के 423 में से 268 और अशासकीय विद्यालयों के 19, 113 में से 15,978 विद्यार्थी पास हुए हैं।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें