
भोपाल। मध्यप्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम उपकरण बनाने वाली कंपनियों के लिए निवेश के नए रास्ते खुलने जा रहे हैं। भोपाल में 19 नवंबर को होने वाली टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) इन्वेस्टर मीट में 25 कंपनियों को आशय पत्र दिए जाएंगे, जिनके जरिए प्रदेश में 3,600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है।
इस आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे। प्रस्तावित निवेश से प्रदेश में 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।
ग्वालियर में 450 एकड़ में विकसित होगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन
भोपाल के होटल ताज लेकफ्रंट में आयोजित इन्वेस्टर मीट का उद्देश्य मध्यप्रदेश को टेलीकॉम और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इस दौरान दूरसंचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, नेटवर्किंग उत्पाद और इनसे जुड़े सहायक उद्योगों में निवेश की संभावनाओं पर मंथन होगा। प्रमुख कंपनियों, संभावित निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। ग्वालियर के लिए भी इस आयोजन में बड़ी घोषणा प्रस्तावित है। यहां लगभग 450 एकड़ क्षेत्र में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के दूसरे चरण का शुभारंभ किया जाएगा।
25 कंपनियों को मिलेंगे निवेश के आशय पत्र
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेश के लिए इच्छुक 25 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) वितरित करेंगे। इन कंपनियों की ओर से प्रदेश में 3,600 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सरकार को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से 15 हजार से अधिक लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे। इससे टेलीकॉम उपकरणों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और नेटवर्किंग से जुड़े उत्पादन को भी बढ़ावा मिल सकेगा।
इन कंपनियों ने दिखाई मध्यप्रदेश में निवेश की रुचि
वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज, डिक्सन टेक्नोलॉजीज, तेजस नेटवर्क्स, समृद्धि ऑटोमेशंस, ब्रांडवर्क्स टेक्नोलॉजीज, सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी, ऑप्टिमस इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटेलिकॉम कम्युनिकेशन, एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स, टेस्कॉम, नियोलिंक सॉल्यूशंस, ब्रुकविन वाइब्रे, प्रणव टेकवन, ज़ेटकेम सप्लाई चेन सर्विसेज, टेक्नोट्रेंड्ज़ सॉल्यूशंस, पाली टेक्नोलॉजीज, वीकेयर ब्रॉडकास्टिंग, सीबेरी टेकसॉल्यूशंस, रामायुष एंटरप्राइज, रियलटाइम बायोमेट्रिक्स, वृंदा नैनो टेक्नोलॉजीज, कोडास इनोवेशंस, स्विडो एनर्जी सॉल्यूशंस, एनरवांटा इलेक्ट्रॉनिक्स और नोहाटेक इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं।
इन्वेस्टर मीट में उद्योग और सरकार का रोडमैप होगा पेश
कार्यक्रम में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग (DIPIP) के अपर मुख्य सचिव टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन की परियोजना और उसके आगामी रोडमैप पर प्रस्तुति देंगे। भारत सरकार के सचिव टेलीकॉम विनिर्माण क्षेत्र को लेकर केंद्र की प्राथमिकताओं और विजन की जानकारी साझा करेंगे। इंडियन मोबाइल एसोसिएशन (ICA) की ओर से उद्योग जगत का नजरिया, निवेश की संभावनाएं और कंपनियों की निवेश प्रतिबद्धताओं पर विचार रखे जाएंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

