
भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर तारीख तय हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने 20 दिसंबर को परीक्षा आयोजित करने के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। इस परीक्षा के लिए अब तक करीब 34 हजार शिक्षक आवेदन कर चुके हैं। इस परीक्षा का आयोजन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत किया जा रहा है। नियमों के मुताबिक, पात्र शिक्षकों को परीक्षा पास करने के लिए तीन अवसर मिलेंगे और इसके लिए 31 अगस्त 2028 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने भेजा था दो तारीखों का प्रस्ताव
परीक्षा की तारीख निर्धारित करने के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने लोक शिक्षण संचालनालय को 19 और 20 दिसंबर का विकल्प भेजा था। DPI ने विचार के बाद 20 दिसंबर को परीक्षा कराने पर अपनी सहमति दे दी। इससे पहले परीक्षा की तारीख 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई थी। आवेदन प्रक्रिया की समय सीमा में बार-बार बदलाव होने के चलते परीक्षा का कार्यक्रम भी आगे बढ़ाना पड़ा।
34 हजार शिक्षकों ने किया आवेदन, सरकारी और निजी दोनों शामिल
मध्य प्रदेश में होने वाली इस परीक्षा के लिए करीब 34 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें 20 हजार सरकारी स्कूलों और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश से TET देना जरूरी
यह परीक्षा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत कराई जा रही है। इसका दायरा वर्ष 1998 से 2009 के बीच नियुक्त किए गए शिक्षकों से जुड़ा है। प्रदेश के करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करनी है। जिन शिक्षकों की सेवा के पांच साल से कम समय शेष है, उन्हें परीक्षा से छूट दी गई है।
शिक्षकों को मिलेंगे तीन अवसर, 2028 तक पास करना होगा एग्जाम
परीक्षा के नियमों के तहत शिक्षकों को अधिकतम तीन प्रयास मिलेंगे। सभी संबंधित शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक TET उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।
पहले 12 अक्टूबर को प्रस्तावित थी परीक्षा
मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा पहले 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जानी थी। आवेदन फॉर्म भरने की तारीखों में लगातार हुए बदलावों के कारण परीक्षा का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। अब परीक्षा के लिए 20 दिसंबर की तारीख तय की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

