
भोपाल। स्वतंत्रता दिवस से पहले मध्य प्रदेश के कई शहरों में तिरंगा यात्राओं के जरिए राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। भोपाल से लेकर उज्जैन, सिंगरौली, मंडला, हरदा और ओंकारेश्वर तक अलग-अलग कार्यक्रम हुए।
कहीं 350 से ज्यादा नावों पर तिरंगे के साथ जल यात्रा निकली तो कहीं CRPF जवान बाइक पर निकले। ओंकारेश्वर में 151 सजी-धजी नौकाओं ने नर्मदा पर तिरंगा यात्रा निकाली, जबकि सिंगरौली में यात्रा के दौरान 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।
भोपाल में 350 से ज्यादा नावों पर तिरंगा
भोपाल के बड़े तालाब स्थित बोट क्लब पर नौका तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हुई इस यात्रा में 350 से अधिक नावों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि रहे। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी मौजूद रहे। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ी, मध्य प्रदेश के खिलाड़ी, युवा, सामाजिक संगठनों के सदस्य और नागरिक इसमें शामिल हुए।
कयाकिंग के जरिए खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह
बड़े तालाब की लहरों पर खिलाड़ियों ने कयाकिंग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि तिरंगा यात्राओं से राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होती है। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि जल, थल और नभ में दिखाई देने वाला तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में खिलाड़ी और नागरिक मौजूद रहे।
उज्जैन में दो अलग-अलग तिरंगा यात्राएं
उज्जैन में गुरुवार को दो यात्राएं आयोजित की गईं। पहली यात्रा पुलिस-प्रशासन की ओर से दशहरा मैदान से निकली, जबकि दूसरी का आयोजन नगर निगम ने शहीद पार्क से किया। पहली यात्रा में कलेक्टर, एसपी प्रदीप शर्मा और निगम कमिश्नर घोड़ों पर सवार होकर हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, होमगार्ड, NCC और स्काउट के सदस्य भी यात्रा का हिस्सा रहे। दूसरी यात्रा में स्कूली बच्चों ने तिरंगे के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीत और नारे लगाए। यात्रा टावर चौक और देवास गेट से गुजरते हुए फव्वारा चौक पहुंची, जहां ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।
सिंगरौली में 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ी
चितरंगी में तिरंगा यात्रा के दौरान तेज धूप और उमस के बीच सांदीपनि स्कूल के 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत खराब हो गई। कुछ बच्चे चक्कर आने के बाद सड़क पर गिर पड़े, जबकि कुछ छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत हुई। सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बीएमओ डॉ. हरिशंकर बस के मुताबिक, एक छात्र की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए उसे ऑक्सीजन दी गई। करीब डेढ़ घंटे में सभी बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट गए।
मंडला में CRPF की बाइक रैली
मंडला में CRPF की 148वीं बटालियन ने गुरुवार सुबह तिरंगा बाइक रैली निकाली। जवान शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरे और लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जागरूक किया। रैली के दौरान नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की गई।
हरदा में प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाली कमान
हरदा के मिडिल स्कूल ग्राउंड से जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा शुरू हुई। इसमें कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी शशांक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, खेल एवं युवा कल्याण और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने यात्रा में हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य लोगों तक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाना रहा।
ओंकारेश्वर में 151 नौकाओं पर तिरंगा
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर 151 सजी-धजी नौकाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। नाविक संघ और नगर परिषद के संयुक्त आयोजन में यात्रा ब्रह्मपुरी घाट से शुरू हुई। नौकाओं पर तिरंगे के साथ देशभक्ति गीत बजते रहे। मांधाता विधायक नारायण पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और नाविक इसमें शामिल हुए। भारत माता की वेशभूषा में सजी बालिका भी आयोजन का आकर्षण रही। यात्रा गोमुख घाट और नागर घाट से होकर दोबारा ब्रह्मपुरी घाट पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, होमगार्ड और एसडीईआरएफ के जवान तैनात किए गए थे।
स्वतंत्रता दिवस से पहले बढ़ा तिरंगा अभियानों का दायरा
मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए इन आयोजनों में जल, सड़क और बाइक रैली जैसे अलग-अलग माध्यमों का इस्तेमाल किया गया। इन कार्यक्रमों में प्रशासन, सुरक्षा बलों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

