
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई में करीब 15 दिन बाकी हैं, लेकिन प्रदेश के 37 जिलों में बारिश सामान्य कोटे तक नहीं पहुंची है। अब तक राज्य में 32.8 इंच पानी गिरा है।
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के लिए राहत का संकेत दिया है। प्रदेश में अति भारी या भारी बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 15 से 17 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।
834.4 मिमी बारिश, सामान्य से 2.1 इंच कम
IMD के मौसम केंद्र भोपाल के आंकड़ों के अनुसार, मध्य प्रदेश में अब तक 834.4 मिमी यानी 32.8 इंच बारिश दर्ज हुई है। सामान्य आंकड़ा 886.6 मिमी यानी 34.9 इंच है।
इस तरह प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से करीब 6% कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कमी 1%, जबकि पश्चिमी हिस्से में यह आंकड़ा 11% तक है।
37 जिलों में कोटा अधूरा, 18 में पूरा
प्रदेश में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा है। कई जिलों में सामान्य से काफी अधिक पानी बरसा, तो कुछ जिले अब भी औसत से पीछे हैं।
37 जिले: सामान्य बारिश का कोटा पूरा नहीं
18 जिले: बारिश का कोटा पूरा
निवाड़ी: सामान्य से 49% ज्यादा
मऊगंज: सामान्य से 44% ज्यादा
सतना: सामान्य से 34% ज्यादा
मैहर: सामान्य से 29% ज्यादा
आलीराजपुर: करीब 16 इंच बारिश
आलीराजपुर में स्थिति इतनी कमजोर रही कि वहां सामान्य कोटे की आधी बारिश भी नहीं हो सकी।
मऊगंज में 54.9 इंच पानी गिरा
पूर्वी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में इस बार बारिश ने पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ा है। जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई।
इंच के हिसाब से मऊगंज में 54.9 इंच बारिश सबसे ज्यादा दर्ज हुई। सतना में भी 50 इंच से अधिक पानी गिर चुका है।
पश्चिमी जिलों में भी कई दिन चला तेज बारिश का दौर
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग के कई जिलों में पिछले चार दिनों के दौरान भारी बारिश हुई। सोमवार को भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई।
मंगलवार से मौसम सिस्टम कमजोर पड़ने का अनुमान है। इसके चलते बारिश की गतिविधियां कम होंगी और अगले कुछ दिनों में मुख्य रूप से हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
15 सितंबर से कमजोर होगा मानसून सिस्टम
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार 15 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसके फैलाव में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
सात दिन के पूर्वानुमान में पश्चिमी मध्य प्रदेश के लिए कभी तेज तो कभी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश के दौरान रतलाम में दर्दनाक हादसा
बारिश के बीच रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के रुघनाथगढ़ गांव में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे कच्चे मकान की दीवार ढह गई।
मलबे में दो बच्चियां दब गईं। हादसे में 9 वर्षीय यंशिका चौहान, पिता सीताराम चौहान की मौत हो गई।
छज्जा गिरने से बुजुर्ग महिला घायल
दीवार गिरने के बाद पास के एक अन्य मकान का छज्जा और ऊपरी हिस्सा भी नीचे आ गया। मलबे में 65 वर्षीय मांगूबाई दब गईं।
हादसे में 12 वर्षीय प्रीति, पिता जगदीश चौहान और मांगूबाई घायल हुईं। ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

