
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्वी इलाकों में सक्रिय स्ट्रॉन्ग सिस्टम ने बारिश तेज कर दी है। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना और छतरपुर समेत कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
मौसम विभाग ने 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि मैहर और डिंडौरी में स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
पन्ना में दो दिन स्कूल बंद, बांध के गेट खुले
लगातार बारिश को देखते हुए पन्ना जिले में शुक्रवार और शनिवार को स्कूल बंद रहेंगे। जिले की केन, मिढ़ासन, व्यारमा और पतने नदियों में पानी बढ़ा हुआ है। तेंदुघाट बांध के 5 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की तीव्रता बढ़ने से नदी-नालों के जलस्तर पर भी असर पड़ा है।
मैहर में गहरे पानी में फंसा ट्रक, दो लोगों का रेस्क्यू
मैहर में गुरुवार देर रात मर्जुआ नाला पार करते समय MP19 ZR 7976 नंबर का ट्रक करीब 7 फीट गहरे पानी में फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर मुकुंदपुर चौकी प्रभारी नागेश्वर मिश्रा मौके पर पहुंचे। वे तैरकर ट्रक तक गए और ग्रामीणों की मदद से रस्सा बांधकर ड्राइवर राकेश साहू और क्लीनर इंद्रकमल द्विवेदी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
डिंडौरी में स्कूलों के साथ आंगनवाड़ियां भी बंद
डिंडौरी में बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए आज स्कूल बंद रखे गए हैं। जिले की आंगनवाड़ियों को भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। नर्मदा और मंदाकिनी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। डिंडौरी, पन्ना, रीवा, सतना और छतरपुर सहित पूर्वी हिस्से के कई इलाकों में बारिश का असर ज्यादा है।
16 जिलों में हैवी रेन का अलर्ट
आज निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर समेत 16 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। भारी बारिश वाले जिलों में ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, पन्ना, सीधी और सिवनी के नाम शामिल हैं।
इन जिलों में भी बारिश का दौर जारी
भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
24 अगस्त तक बारिश का दायरा बढ़ने के संकेत
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार मानसून टर्फ सहित दूसरे मौसम सिस्टम सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। 20 से 24 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी मध्य प्रदेश की तरफ बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
प्रदेश में अब तक 599 मिमी बारिश
मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 599 मिमी यानी 23.6 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य बारिश का आंकड़ा 675.1 मिमी यानी 26.6 इंच है। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 3 इंच कम बारिश हुई है। कुल बारिश का आंकड़ा सामान्य से 11% कम है। पूर्वी हिस्से में कमी 11%, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 12% कम बारिश दर्ज की गई है।
39 जिलों में सामान्य से कम बारिश
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी 19% तक रही है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में सामान्य से 4% से 58% तक कम बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 5% से 39% तक कम बारिश हुई है।
इन जिलों में औसत से ज्यादा बारिश
अनूपपुर, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन और राजगढ़ में सामान्य औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

