
भोपाल। मध्य प्रदेश में 1 जुलाई से 4 जुलाई के बीच मौसम का मिजाज अलग-अलग जिलों में अलग रहने वाला है। मौसम विभाग ने 9 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन सहित कई शहरों में अच्छी बारिश के लिए अभी 1 से 2 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के आसार हैं।
9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान अनुसंधान केंद्र के अनुसार 1 से 4 जुलाई के बीच इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है—
रायसेन
नर्मदापुरम
खरगोन
आलीराजपुर
छिंदवाड़ा
सिवनी
बालाघाट
मंडला
डिंडौरी
इन जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग के अधिकांश जिलों में अगले चार दिनों तक थंडरस्टॉर्म, बिजली चमकने और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। उज्जैन में अगले 3 दिन तक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
मानसून का दायरा बढ़ रहा, तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून फिलहाल मध्य प्रदेश के लगभग आधे हिस्से को कवर कर चुका है। अनुमान है कि 2 से 3 जुलाई तक मानसून पूरे प्रदेश में फैल जाएगा और इसके बाद पंजाब तथा राजस्थान की ओर आगे बढ़ेगा। बारिश की गतिविधियां बढ़ने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
किन जिलों में ज्यादा और किनमें कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में 25% से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में 25% से कम बारिश का अनुमान है। वहीं 46 जिलों में बादल छाने, गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी जैसी मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

