
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में इस महीने चौथी बार बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 23 फरवरी को सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-मध्य मध्य प्रदेश के छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पूर्वी हिस्सों में बादल ज्यादा सक्रिय रहेंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर तेज हवा और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
लो प्रेशर एरिया बना बदलाव की वजह
IMD भोपाल केंद्र के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र लगातार नमी खींच रहा है। इसी सिस्टम की वजह से प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी जिलों में मौसम अस्थिर बना हुआ है। रविवार को दक्षिणी क्षेत्रों में बादल और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली थी, जबकि सोमवार को इसका असर पूर्वी जिलों में ज्यादा दिखाई देने का अनुमान है।
तापमान में गिरावट, लौट सकती है हल्की ठंड
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 23 फरवरी के बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। इससे सुबह-शाम हल्की ठंड यानी ‘गुलाबी ठंड’ का एहसास बना रहेगा। हाल ही में पचमढ़ी में रात का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं भोपाल में दिन गर्म और रातें ठंडी रहने का ट्रेंड जारी है।
फरवरी में चौथी बार बदल रहा मौसम
इस महीने की शुरुआत से ही मौसम बार-बार करवट ले रहा है। फरवरी में पहले दो बार ओलावृष्टि और तेज बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ाई थी। 18 फरवरी के बाद तीसरे दौर में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज हुई। अब चौथी बार बारिश की संभावना से मौसम फिर चर्चा में है। लगातार बदलते मौसम का असर तापमान के उतार-चढ़ाव के साथ-साथ फसलों पर भी देखा जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

