सोमवार, 11 मई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

मध्य प्रदेश में डबल अटैक! कहीं तेज बारिश तो कहीं हीट वेव का खतरा

11 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मध्य प्रदेश में डबल अटैक! कहीं तेज बारिश तो कहीं हीट वेव का खतरा
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दूसरी तरफ कई शहर भीषण गर्मी की चपेट में रहेंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, दो टर्फ और एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव होने से मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा गर्मी रतलाम में रिकॉर्ड की गई, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।


8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

IMD भोपाल के अनुसार, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में मौसम बिगड़ सकता है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक्टिव टर्फ और चक्रवाती सिस्टम की वजह से यह असर बना हुआ है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली थी।


भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बढ़ेगी गर्मी

एक तरफ बारिश का असर रहेगा तो दूसरी तरफ प्रदेश के कई शहरों में तेज गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। मौसम विभाग ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, नीमच, मंदसौर, छतरपुर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर और शाजापुर में गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।


रतलाम में मई का सबसे गर्म दिन

रविवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 45.5°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन में मई का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। शाजापुर में पारा 44°C, धार में 42.4°C, खंडवा में 42.1°C और नर्मदापुरम में 42°C दर्ज किया गया। वहीं रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रदेश के बड़े शहरों में उज्जैन सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.4°C रिकॉर्ड हुआ।


12 मई से हीट वेव का खतरा

मौसम विभाग ने 12 मई से प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।


11 दिन तक चला बारिश का दौर

प्रदेश में 30 अप्रैल से लगातार मौसम बदल रहा है। पिछले 11 दिनों तक कहीं आंधी तो कहीं बारिश का दौर जारी रहा। कभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस, कभी टर्फ लाइन और कभी चक्रवाती सिस्टम के कारण मई के पहले सप्ताह में सामान्य से अलग मौसम देखने को मिला। अब मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तेज हो सकती है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें