
भोपाल। नौतपा की झुलसाने वाली गर्मी के बीच मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटे में ग्वालियर, इंदौर समेत 26 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कई इलाकों में तेज आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों को चौंका दिया। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए 16 जिलों में आंधी, बिजली और ओलों का अलर्ट जारी किया है। सबसे बड़ा असर गुना में देखने को मिला, जहां आंधी-बारिश के दौरान प्रसिद्ध हनुमान टेकरी मंदिर पर बिजली गिरने से मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया।
गुना में मंदिर पर गिरी बिजली, मचा हड़कंप
बारिश और गरज-चमक के दौरान गुना स्थित हनुमान टेकरी मंदिर पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में मंदिर के शिखर को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। इस घटना ने मौसम के अचानक बदले तेवरों की गंभीरता को भी उजागर कर दिया है।
भोपाल में बादल, कई जिलों में अच्छी बारिश
राजधानी भोपाल में सुबह से बादल छाए हुए हैं और मौसम सुहाना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में टीकमगढ़ में सवा इंच, दतिया में आधा इंच और नौगांव में पौन इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश का असर सिर्फ इन्हीं जिलों तक सीमित नहीं रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
इन 26 जिलों में बरसे बादल
ग्वालियर, इंदौर, धार, गुना, रतलाम, उज्जैन, दमोह, खजुराहो, रीवा, सागर, सतना, उमरिया, खरगोन, शिवपुरी, डिंडौरी, मंदसौर, खंडवा, शाजापुर, देवास, झाबुआ, टीकमगढ़, मुरैना, श्योपुर समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। वहीं श्योपुर और देवास में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
इंदौर-उज्जैन समेत 16 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए उज्जैन, इंदौर, देवास, खरगोन, खंडवा, सीहोर और हरदा में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और यातायात में परेशानी की आशंका बनी हुई है।
भोपाल समेत इन जिलों में भी खराब रहेगा मौसम
इसके अलावा आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, मंदसौर, रतलाम, भोपाल, नर्मदापुरम, सीधी और सिंगरौली में भी 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े न होने की सलाह दी है।
नौतपा की गर्मी पर लगेगा ब्रेक?
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था। अब पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमीय सिस्टम के असर से बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे नौतपा की तीखी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

