शनिवार, 25 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, नीमच में ओले, ओरछा में 42 मिमी बारिश

03 फ़र, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, नीमच में ओले, ओरछा में 42 मिमी बारिश

MP Weather Alert: पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, नीमच में ओले, ओरछा में 42 मिमी बारिश

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे ठंड फिर लौट आई है। भोपाल से लेकर ग्वालियर तक बादल, बारिश और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।


इन जिलों में हुई बारिश और तेज हवाएं

सोमवार को नीमच, भिंड, आगर, उज्जैन, राजगढ़, दतिया, गुना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रतलाम और ग्वालियर में बारिश रिकॉर्ड की गई। आगर मालवा में 28 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। राजधानी भोपाल में देर रात बारिश हुई, जबकि नीमच में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। ग्वालियर, उज्जैन, रीवा और छतरपुर के खजुराहो में घना कोहरा भी देखने को मिला।


ओरछा में सबसे ज्यादा 42 मिमी बारिश

निवाड़ी जिले के ओरछा में सबसे ज्यादा 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा – बड़ौद और झार्जा में 12-12 मिमी, बड़ागांव धसान में 9 मिमी, राघौगढ़ और मकसूदनगढ़ में 6-6 मिमी, नलखेड़ा और कुंभराज में 5 मिमी, सुसनेर में 4 मिमी, आरोन में 3 मिमी, आगर, चाचौड़ा और उज्जैन में 2-2 मिमी, भितरवार में 1 मिमी और दतिया में 0.4 मिमी बारिश हुई।


पचमढ़ी रहा प्रदेश का सबसे ठंडा शहर

नर्मदापुरम जिले का पचमढ़ी सोमवार को एमपी का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छतरपुर के नौगांव में 9.6 डिग्री, कटनी के करौंदी में 10.1 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर और रीवा में 10.6 डिग्री तथा मंडला में 11.1 डिग्री तापमान रहा।


बड़े शहरों का हाल

राज्य के पांच बड़े शहरों में – जबलपुर सबसे ठंडा रहा (13.4°C), ग्वालियर में 13.5°C, भोपाल में 13.8°C, इंदौर में 15.6°C और उज्जैन में 16°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं खरगोन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.2°C पहुंच गया।


अगले 3 दिन भी रहेगा बारिश-आंधी का दौर

मौसम विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं – एक अरब सागर और दूसरा पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर।

इनकी वजह से मध्य प्रदेश में आंधी, बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा।


28 जिलों में अलर्ट, कई जगह ऑरेंज वार्निंग

मौसम विभाग ने 28 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुरैना, राजगढ़, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी और श्योपुर के लिए आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं ग्वालियर, दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गरज-चमक के साथ घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें