शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP Weather: मध्य प्रदेश में सीजन की पहली कड़ाके की ठंड, 9.9 डिग्री पर पहुंचा पारा; भोपाल-उज्जैन की हवा भी जहरीली

12 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP Weather: मध्य प्रदेश में सीजन की पहली कड़ाके की ठंड, 9.9 डिग्री पर पहुंचा पारा; भोपाल-उज्जैन की हवा भी जहरीली
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस सीजन में पहली बार प्रदेश के किसी स्थान का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। शहडोल के कल्याणपुर में पारा 9.9 डिग्री तक लुढ़क गया, जबकि अमरकंटक और करौंदी में भी रातें काफी ठंडी रहीं। मौसम की दोहरी मार के बीच प्रदेश के बड़े शहरों में प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। दिवाली के बाद भोपाल और उज्जैन का AQI 400 के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट का अनुमान जताया है।


कल्याणपुर में सबसे सर्द रात, अमरकंटक दूसरे नंबर पर

कल्याणपुर (शहडोल) 9.9 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर) 10.1 डिग्री और करौंदी (कटनी) 10.4 डिग्री। इंदौर में पचमढ़ी से ज्यादा ठंड, भोपाल में 14.2 डिग्री, दमोह 11.5, गिरवर 11.8, इंदौर 12.4, छिंदवाड़ा 12.6, रायसेन 12.8, पचमढ़ी 13.2, जबलपुर-मंडला 13.2, नौगांव 13.4, रीवा 13.6 और भोपाल-खजुराहो 14.2 डिग्री।


शहडोल संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री तक कम रहा। भोपाल संभाग में भी यह सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। ग्वालियर-चंबल संभाग में अभी रात का तापमान 15 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।


गुलमर्ग में बर्फबारी, 13 नवंबर तक पहाड़ों पर मौसम खराब

IMD भोपाल के अनुसार जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में बर्फबारी शुरू हो गई है। 13 नवंबर तक वेस्टर्न हिमालयन रीजन में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या भारी बर्फबारी का अलर्ट है।


उत्तरी हवाएं बढ़ाएंगी मध्य प्रदेश में ठंड

पहाड़ी क्षेत्रों में मौजूदा मौसमी दौर समाप्त होने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर पहुंचेंगी। अगले 4 दिनों में पारा 1 से 2 डिग्री और नीचे जा सकता है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड बढ़ने की उम्मीद है।


दिवाली के बाद भोपाल-उज्जैन का AQI 400 पार

दिवाली के बाद भोपाल और उज्जैन में AQI 400 के पार पहुंच गया है। पिछले 5 साल में यह तीसरा मौका है। ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी में भी AQI बढ़ा है। रात 8 बजे के बाद धुंध छाने लगती है और सुबह हल्का कोहरा दिखाई देता है।


गुरुवार को प्रदेश में बारिश का अलर्ट नहीं

गुरुवार को प्रदेश के किसी भी हिस्से में आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है। पिछले एक सप्ताह तक आंधी और बारिश का दौर चला था। इसी दौरान दिवाली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया।


नवंबर में ग्वालियर में 3 डिग्री तक पहुंच चुका है पारा

ग्वालियर में 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। उज्जैन में 53 साल पहले नवंबर में पारा 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण तापमान तेजी से गिरता है।


नवंबर के दूसरे पखवाड़े में बारिश की भी संभावना

भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का ट्रेंड रहा है। नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बारिश हो सकती है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें