
भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर तेज कर दिया है। दमोह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि भोपाल में पारा गिरकर 8.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राजधानी में यह पिछले 10 साल की तीसरी सबसे ठंडी रात रही। प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 11 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। सुबह कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में रिकॉर्ड ठंड
राजधानी में इस बार नवंबर की सर्दी ने फिर पुराने रिकॉर्ड की याद दिला दी है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 10 वर्षों की तीसरी सबसे ठंडी रात है। पिछले साल भी नवंबर में राजधानी में पारा काफी नीचे गया था। 17 नवंबर 2025 को 5.2 डिग्री और 29 नवंबर की रात 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। आंकड़ों के मुताबिक, 2018 से 2023 के बीच नवंबर महीने में भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहा था।
भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में कोल्ड वेव का अलर्ट
बुधवार को भोपाल, शाजापुर और राजगढ़ में दिनभर सर्द हवाओं का असर बना रहा। गुरुवार को भी इन जिलों में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने तीनों जिलों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। ठंडी हवाओं के कारण दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
सुबह की पाली वाले स्कूलों का समय बदला
लगातार बढ़ रही ठंड का असर बच्चों की दिनचर्या पर भी पड़ा है। छोटे बच्चों को सुबह की ठिठुरन से बचाने के लिए कई निजी स्कूलों ने अपने संचालन का समय बदल दिया है।पहले स्कूल सुबह 7:30 बजे शुरू होते थे। अब स्कूलों का समय सुबह 8 बजे कर दिया गया है। अधिकांश निजी स्कूलों ने सुबह की पाली में यह बदलाव किया है।
इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी 11 डिग्री से नीचे पारा
प्रदेश के बड़े शहरों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीती रात प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:
जबलपुर: 10.5°C
इंदौर: 10.6°C
उज्जैन: 11.0°C
ग्वालियर: 10.8°C
दमोह: 7.4°C
भोपाल: 8.2°C
रीवा और रायसेन में भी बढ़ी ठिठुरन
प्रदेश के दूसरे शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में पारा 10 डिग्री के आसपास या उससे नीचे पहुंच गया।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान:
रीवा: 9.2 डिग्री
रायसेन: 9.4 डिग्री
उमरिया: 10.3 डिग्री
गुना: 10.8 डिग्री
खजुराहो और छिंदवाड़ा: 11.2 डिग्री
श्योपुर: 11.4 डिग्री
सीधी, बैतूल और सतना: 11.6 डिग्री
इन शहरों में भी 15 डिग्री से नीचे रहा तापमान
मलाजखंड, दतिया, मंडला, नौगांव, खंडवा, नरसिंहपुर, धार, टीकमगढ़, रतलाम, पचमढ़ी, खरगोन और नर्मदापुरम में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेश के कुल 30 शहरों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा छाने से ठंड का असर और बढ़ रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

