
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने 24 सितंबर से 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
प्रदेश में अब तक औसतन 33.9 इंच बारिश हो चुकी है, जो पूरे मानसूनी कोटे का करीब 91% है। अगले दिनों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला मौसम तंत्र बारिश को और सक्रिय कर सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बनेगा मजबूत सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दाब क्षेत्र आगे बढ़ चुका है। इसके 21 सितंबर को मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।
इस सिस्टम के प्रभाव से 24 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू होने का अनुमान है।
इन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी
छतरपुर
सतना
दमोह
डिंडौरी
सिवनी
छिंदवाड़ा
पांढुर्णा
नर्मदापुरम
बैतूल
हरदा
भोपाल में तेज बारिश, नर्मदापुरम में बिजली गुल
रविवार रात भोपाल के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। नर्मदापुरम में तेज हवाओं के बाद करीब पौन घंटे तक बारिश हुई। फेफरताल में पेड़ के 33 केवी बिजली लाइन पर गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई। इसके चलते शहर का करीब 40% हिस्सा अंधेरे में रहा।
बारिश और हवा से रसूलिया, आशुतोष नगर तथा हरदा रोड स्थित महाराणा प्रताप मार्केट के गणेश पंडालों को भी नुकसान पहुंचा।
32 जिलों में बारिश औसत से कम
प्रदेश के 32 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 5% से 49% तक कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में कमी 1% तक दर्ज की गई है।
बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में बारिश सामान्य से 5% से 24% तक कम रही।
पिछले एक सप्ताह में पूर्वी हिस्से की स्थिति में सुधार हुआ है। रविवार तक यहां बारिश का आंकड़ा 2% कम था।
पश्चिमी MP के इन जिलों में भी कमी
पश्चिमी हिस्से में अलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 5% से 49% कम बारिश दर्ज की गई है।
23 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी
प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का आंकड़ा औसत से ऊपर पहुंच चुका है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं।
बारिश का मौजूदा आंकड़ा
प्रदेश में औसत बारिश: 33.9 इंच
मानसूनी कोटे की पूर्ति: करीब 91%
24 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट: 10 जिले
सामान्य से कम बारिश वाले जिले: 32
सामान्य से ज्यादा बारिश वाले जिले: 23
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

