
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून अब सामान्य बारिश के आंकड़े के करीब पहुंच गया है। इस सीजन में 27.7 इंच यानी 74% बारिश हो चुकी है और सितंबर में 9.6 इंच पानी और बरसने पर प्रदेश सामान्य बारिश का आंकड़ा पार कर जाएगा।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र और ट्रफ के असर से 4 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उमरिया और बालाघाट के लिए मंगलवार को अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
अगस्त में ही बरसा 12 इंच पानी
प्रदेश में मानसूनी सीजन के दौरान अब तक औसत 27.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। अकेले अगस्त में करीब 12 इंच पानी बरसा। प्रदेश में सामान्य मानसूनी बारिश का आंकड़ा 37.3 इंच है। सितंबर में यदि 9.6 इंच बारिश हो जाती है तो यह सामान्य सीमा पार हो जाएगी। अगले चार दिनों के मौसम को देखते हुए बारिश के आंकड़े में और इजाफा होने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम का असर
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और ट्रफ के कारण प्रदेश के कई संभाग प्रभावित होंगे।
4 सितंबर तक इन क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर रहने की संभावना है:
जबलपुर
रीवा
शहडोल
सागर
भोपाल
नर्मदापुरम
उज्जैन
ग्वालियर-चंबल
उमरिया और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट
मंगलवार को मौसम विभाग ने उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भी बारिश का अनुमान
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इन इलाकों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
मैहर में 1 सितंबर को भी स्कूल बंद
लगातार भारी बारिश और नदी-नालों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए मैहर जिले में 1 सितंबर को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर विदिशा मुखर्जी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने सोमवार देर रात इस संबंध में आदेश जारी किया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

