
भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश का आंकड़ा अभी सामान्य स्तर तक नहीं पहुंचा है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 25 और 26 सितंबर को कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। IMD ने 24 से 26 सितंबर के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश के संकेत दिए हैं।
प्रदेश में अब तक 34.2 इंच यानी 869.3 मिमी पानी गिर चुका है। सामान्य आंकड़ा 36.5 इंच यानी 927.5 मिमी है। यानी प्रदेश अभी सामान्य बारिश से 2.3 इंच पीछे चल रहा है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब मजबूत हो सकता है। इसके असर से मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी इस सिस्टम का असर पड़ने की संभावना बताई गई है।
25-26 सितंबर को भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 सितंबर को भी कई जिलों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है।
IMD के उपखंडीय पूर्वानुमान में पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए 24 सितंबर को भारी और 25-26 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट दर्ज है।
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
बुधवार को छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट बताया गया है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।
33 जिलों में पहले ही बरसा पानी
सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के 33 जिलों में तेज बारिश दर्ज हुई। इनमें भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, सीहोर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आलीराजपुर, शाजापुर, देवास, खंडवा, रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, नर्मदापुरम और बैतूल शामिल हैं।
सागर के देवरी में 2.4 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 100 से ज्यादा शहरों और कस्बों में बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी और पश्चिमी MP में बारिश की स्थिति
पूर्वी मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में औसत से करीब 2% कम बारिश हुई है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में कमी 5% से 22% तक बताई गई है।
पश्चिमी हिस्से में आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में औसत से 7% से 49% तक कम बारिश दर्ज हुई है।
इन 23 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
IMD के आंकड़ों के अनुसार अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।
पिछले एक सप्ताह में बारिश की कमी का आंकड़ा सुधरा है। मंगलवार को कमी 2% तक रह गई थी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

