
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता मंगलवार को भी बनी रहने वाली है। मौसम केंद्र भोपाल ने प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। पांच जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में मंगलवार को अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में मौसम का असर सामान्य जनजीवन और स्थानीय आवागमन पर भी पड़ सकता है।
इसके अलावा गुना, आगर-मालवा, शाजापुर, सीहोर, हरदा, सागर, रायसेन और नर्मदापुरम सहित 25 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक इन जिलों में ढाई इंच से अधिक बारिश दर्ज हो सकती है।
बारिश का दायरा प्रदेश के दूसरे हिस्सों तक भी रहेगा। भोपाल, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, देवास और रतलाम में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड और श्योपुर में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। डिंडौरी, रीवा, सतना, मऊगंज, मैहर, उमरिया, अनूपपुर और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार की बारिश ने कई जिलों में असर दिखाया। भोपाल में तेज बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि विदिशा के बाजार में पानी भरने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रायसेन और शाजापुर समेत अन्य जिलों में भी बारिश दर्ज की गई।
बीते 24 घंटे के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश पहले ही जोर पकड़ चुकी है। नर्मदापुरम में औसतन 3.7 इंच पानी गिरा। शिवपुरी के करेरा में 5.4 इंच, निवाड़ी के ओरछा में 3.3 इंच और सागर के रहली में 3 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई।
भोपाल में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया। कोलार क्षेत्र में 3.2 इंच, नवीबाग में 3.1 इंच और भोपाल शहर में करीब 3 इंच बारिश दर्ज की गई।
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक प्रदेश में निम्न दाब क्षेत्र के साथ ट्रफ सक्रिय है। इसी मौसम प्रणाली के कारण बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। अगले तीन दिनों के दौरान भी कई जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी रहने की संभावना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

