
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय होने से गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में रेड अलर्ट, जबकि 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
छतरपुर में संभावित बाढ़ और नदी-नालों के उफान को देखते हुए आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। डबरा में बारिश के दौरान कच्चे मकान की छत गिरने से एक महिला और उसके 2 साल के बेटे की मौत हुई है।
8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश हो सकती है। इन दोनों जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है। यहां अगले 24 घंटे में 4 इंच से ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई है।
छतरपुर में आज स्कूल बंद
छतरपुर में बारिश, नदी-नालों के बढ़े जलस्तर और बाढ़ की आशंका को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीणा ने आज सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए है। शिक्षक स्कूल पहुंचकर शैक्षणिक और विभागीय कार्य करेंगे।
डबरा में मकान की छत गिरी, मां-बेटे की मौत
बुधवार रात बारिश के दौरान डबरा के जंगीपुरा में दो मंजिला कच्चे मकान की छत ढह गई। हादसे के समय परिवार के 5 सदस्य मलबे में दब गए। इस घटना में सीमा (33) और उनके 2 वर्षीय बेटे आदित्य उर्फ गुन्नू की मौत हो गई। सीमा के पति जागेंद्र (38) और उनकी बेटियां वैशाली (5) तथा रागनी (8) गंभीर रूप से घायल हुई हैं।
इन जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, डिंडौरी, मंडला, पांढुर्णा और बालाघाट में भारी बारिश की संभावना जताई है।
इसके अलावा भोपाल, रायसेन, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, सिवनी, नरसिंहपुर, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर और छतरपुर में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
4 सितंबर से पश्चिमी हिस्से में बढ़ेगा असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 4 सितंबर को सिस्टम आगे बढ़ेगा। इसका असर भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग में ज्यादा दिखाई दे सकता है।
इस दौरान भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर में भारी बारिश का अनुमान है। इंदौर में तेज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
5 सितंबर को प्रदेश के उत्तरी हिस्से में तेज बारिश हो सकती है। 6 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में सिस्टम का प्रभाव रहने का अनुमान है।
बांधों में तेजी से बढ़ रहा जलस्तर
लगातार बारिश से प्रदेश के अधिकांश बांधों में जलस्तर बेहतर हुआ है। कई बांधों में करीब 70% तक पानी पहुंच गया है और कुछ बांधों के गेट भी खोले जा चुके हैं।
हालांकि, इंदौर और उज्जैन संभाग के बांधों की स्थिति अभी बेहतर नहीं हुई है।
बड़ा तालाब फुल होने से पहले 0.30 फीट बाकी
भोपाल के बड़े तालाब में पानी का स्तर 1666.50 फीट तक पहुंच गया है। अब इसके फुल होने में सिर्फ 0.30 फीट की गुंजाइश बची है। बड़ा तालाब पूरी तरह भरने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे। भदभदा से छोड़ा गया पानी कलियासोत डैम में पहुंचेगा, जिससे वहां भी जलस्तर बढ़ेगा।
प्रदेश में अब तक 28.1 इंच बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक 714.2 मिमी यानी 28.1 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य औसत 31.5 इंच (799.9 मिमी) से 3.4 इंच कम है। ओवरऑल प्रदेश में सामान्य से 11% कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से 4% कम, जबकि पश्चिमी हिस्से में यह आंकड़ा 17% कम है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

