
भोपाल। मध्यप्रदेश में ठंड के मौसम के बीच अचानक बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम की वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलों का सिलसिला शुरू हो गया है। कहीं तेज बारिश हो रही है तो कहीं सुबह-सुबह कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति बुधवार को भी बनी रह सकती है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बिगड़ा प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से ठंड के बावजूद बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। मंगलवार को गुना, उज्जैन, आगर-मालवा और शाजापुर में ओले गिरे, जबकि 20 से ज्यादा जिलों में बारिश दर्ज की गई।
बुधवार को 14 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 14 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में
ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सागर और दमोह शामिल हैं। इसके अलावा श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, नीमच और मंदसौर में बादल छाए रहने की संभावना है।
सुबह-सुबह कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
बारिश के साथ-साथ कोहरे ने भी लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह उत्तरी मध्यप्रदेश के कई जिलों में मध्यम कोहरा देखा गया। ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, टीकमगढ़, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर और रीवा में दृश्यता कम रही। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रायसेन और सीहोर समेत कई जिलों में भी हल्के से मध्यम कोहरे का असर दर्ज किया गया।
भोपाल-इंदौर में बारिश, ग्वालियर में बढ़ी ठंड
मंगलवार को भोपाल और इंदौर में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ग्वालियर में लगातार बारिश और ठंडी हवा के चलते ठंड और बढ़ गई। सड़कों पर सन्नाटा और लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली।
ग्वालियर-शिवपुरी में स्कूलों की छुट्टी
मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए ग्वालियर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। शिवपुरी में भी हालात पर नजर रखी जा रही है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है, लेकिन ठंड का असर फिलहाल बना रहेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

