
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने अपना रंग बदल लिया है। कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है, जबकि दिन के समय कई इलाकों में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच रहा है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार अक्टूबर के पहले पखवाड़े में दिन और रात के तापमान में यह अंतर बना रह सकता है। 3, 4 और 5 अक्टूबर को बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 6 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
मानसून खत्म, अब बदल रहा मौसम का मिजाज
दक्षिण-पश्चिम मानसून का निर्धारित पीरियड 30 सितंबर को समाप्त हो चुका है। इसके बाद प्रदेश में भारी या अति भारी बारिश का दौर नहीं है। मौसम में अब गर्म दिन और अपेक्षाकृत ठंडी रातों का असर दिखाई दे रहा है।
भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।
इन शहरों में रात का पारा 18 डिग्री से नीचे
बीती रात कई स्थानों पर तापमान में अच्छी गिरावट दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान इस तरह रहा—
अमरकंटक: 17.1°C
शाजापुर: 17.3°C
धार: 17.5°C
इंदौर: 17.6°C
पचमढ़ी: 17.6°C
भोपाल: 18°C
उज्जैन: 18°C
पचमढ़ी-अमरकंटक में दिन भी अपेक्षाकृत ठंडे
दिन के तापमान में भी जिलों के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। पचमढ़ी और अमरकंटक में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इसके विपरीत बड़वानी, धार, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज हो रहा है।
अक्टूबर के पहले 15 दिन रहेंगे बदलाव वाले
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक 30 सितंबर के बाद लगभग 15 दिन मौसम में बदलाव वाले होते हैं। अक्टूबर के शुरुआती पखवाड़े में रातें ठंडी होने लगती हैं, लेकिन दिन के तापमान में गर्मी बनी रहती है। इस बार भी मध्य प्रदेश में इसी तरह का मौसम देखने को मिल रहा है।
अक्टूबर में सामान्य से ज्यादा गर्म रह सकते हैं दिन
नायक के अनुसार अक्टूबर के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है। 3, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है।
6 अक्टूबर को इन जिलों में हल्की बारिश
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 6 अक्टूबर को प्रदेश के इन जिलों में हल्की बारिश हो सकती है— टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

