बुधवार, 11 नवंबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, भोपाल-उज्जैन में AQI 400 पार

11 नव, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
MP Weather Update: मध्य प्रदेश के 17 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, भोपाल-उज्जैन में AQI 400 पार
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। प्रदेश के 17 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है, जबकि भोपाल और उज्जैन में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों में ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और गिरावट हो सकती है। उधर, दिवाली के बाद बिगड़ी हवा ने कई शहरों में चिंता बढ़ा दी है।


अमरकंटक में 10.8 डिग्री पर पहुंचा पारा

प्रदेश में सबसे कम तापमान अमरकंटक और कटनी जिले के करौंदी में दर्ज किया गया। बीती रात अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि करौंदी में पारा 11.3 डिग्री तक पहुंच गया। अन्य स्थानों का तापमान: दमोह 12, कल्याणपुर 12.3, रायसेन 12.6, मलाजखंड 12.8, भोपाल 13, जबलपुर 13, छिंदवाड़ा 13, पचमढ़ी 13.2, उमरिया 13.4, मंडला 13.6, नौगांव 13.6, रीवा 13.8, इंदौर 14, खजुराहो 14.4 और सीधी 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बाकी शहरों में तापमान 15 डिग्री या उससे अधिक रहा। भोपाल और जबलपुर की रातें पचमढ़ी से भी ठंडी रहीं।


चार दिन में और बढ़ेगी ठिठुरन

मौसम केंद्र भोपाल (IMD) के मुताबिक अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है।


भोपाल-उज्जैन में AQI 400 के पार

दिवाली के बाद प्रदेश की हवा लगातार खराब हो रही है। भोपाल और उज्जैन में AQI 400 के पार पहुंच गया है। पांच साल में ऐसा तीसरी बार हुआ है।


रात 8 बजे के बाद छाने लगती है धुंध

ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप, सिंगरौली, पीथमपुर और कटनी सहित कई शहरों में AQI बढ़ा है। रात 8 बजे के बाद धुंध छाने लगती है और सुबह हल्का कोहरा रहता है।


बुधवार को बारिश का अलर्ट नहीं

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर रहा है। इससे दिवाली का त्योहार भी उत्साह के साथ मनाया गया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें