
भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 जुलाई के दौरान अधिकांश हिस्सों में हल्की से रिमझिम बारिश का अनुमान जताया है। IMD भोपाल के अनुसार मौजूदा बारिश कराने वाला सिस्टम कमजोर पड़ रहा है। इसके कारण फिलहाल तेज बारिश का दौर थमेगा, जबकि 14 जुलाई से कुछ जिलों में फिर से भारी बारिश होने की संभावना है।
सभी 55 जिलों में हल्की बारिश का अनुमान
शनिवार को प्रदेश के सभी 55 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर सहित कई शहरों में मौसम बदला रहेगा। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
अगले सप्ताह सक्रिय होगा नया मौसम सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय हो रहा है। इसका प्रभाव अगले सप्ताह मध्य प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे सकता है। इसी वजह से 14 जुलाई के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में फिर से तेज बारिश की स्थिति बनने का अनुमान है।
खरीफ फसलों के लिए राहत
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ दिनों तक भारी बारिश का कम होना किसानों के लिए फायदेमंद रहेगा। कई जिलों में लगातार तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया था। अधिक जलभराव के कारण खरीफ फसलों में गलन की आशंका बढ़ रही थी। बारिश की तीव्रता घटने से खेतों से पानी निकलने का समय मिलेगा और फसलों को राहत मिल सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

